Latestमध्यप्रदेश

निगमकर्मी करता था अश्लील हरकत, स्कूल के बजाय बगीचे में छिप जाती थी छात्रा

इंदौर। आठवीं कक्षा की छात्रा से एक निगमकर्मी स्कूल जाते वक्त रास्ता रोककर अश्लील हरकत करने लगा। डर के कारण छात्रा स्कूल जाने के बजाय गार्डन में छिप जाती थी। यह सिलसिला सात दिन तक चला। जब बच्ची लगातार अनुपस्थित रही तो स्कूल प्रबंधन ने परिवार को छात्रा के स्कूल न आने की जानकारी दी, जबकि छात्रा घर से रोज स्कूल जा रही थी। चिंतित परिजन ने समझदारी दिखाते हुए उसका पीछा किया तो घटना पता चली।

इसके बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपित निगमकर्मी को गिरफ्तार कर लिया। घटना एरोड्रम थाना क्षेत्र की है। एसआई ललिता डाबर के मुताबिक, आरोपित आकाश पिता मुन्नालाल गोडाले है। महादेव नगर निवासी 12 वर्षीय मासूम निजी स्कूल में पढ़ती है। उसके स्कूल जाने का समय सुबह 8 बजे है, जबकि छुट्टी होने के बाद वह दोपहर 2 बजे घर लौटती थी। सोमवार सुबह छात्रा स्कूल जा रही थी।

इसी दौरान विनायक गार्डन के पास आरोपित ने उसे रोक लिया और घूमने-फिरने चलने का दबाव बनाने लगा। फिर अश्लील हरकतें करने लगा। छात्रा के विरोध करने पर हत्या की धमकी  देने लगा। इसी दौरान पीड़िता के परिजन पहुंच गए। उन्होंने आरोपित की पिटाई की और पुलिस को सूचना दी। तब डायल 100 के सिपाही आरोपित को थाने ले गए। आरोपित वार्ड 13 के जोन 4 में सफाई कर्मचारी है।

दरोगा ने मामला रफा-दफा करने का किया प्रयास पुलिस के मुताबिक आरोपित के बचाव में निगम का दरोगा कमल पांचाल पहुंचा और उसने मामला रफा-दफा करने का प्रयास किया। उधर, आरोपित को निगम अधिकारियों ने नौकरी से बर्खास्त कर दिया। पुलिस मंगलवार को आरोपित को कोर्ट में पेश करेगी।

परिवार की हत्या की धमकी दी तो सहम गई थी बच्ची

छात्रा ने पुलिस को बताया कि 9 जुलाई को आरोपित ने पहली बार उसे रोका था और किसी को बताने पर परिवार की हत्या की धमकी दी थी। इस कारण उसने किसी को नहीं बताया। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक छात्रा पहली घटना के बाद से स्कूल नहीं जा रही थी, जबकि परिजन के मुताबिक वह रोज स्कूल के लिए निकलती थी। सूत्रों के मुताबिक स्कूल पहुंचने के बजाय छात्रा गार्डन में छिपकर बैठ जाती थी और दोपहर में घर आ जाती थी।

Leave a Reply

Back to top button