katni

नर्सिंग छात्रा को चाकू मारने वाले कटनी के युवक की इलाज के दौरान मौत

जबलपुर। बस स्टैंड क्षेत्र स्थित पंकज पैलेस में परीक्षा देने आई नर्सिंग छात्रा पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार की रात मौत हो गई। हमले के बाद लोगों ने युवक की पिटाई कर दी थी, जिसमें वह घायल हुआ था।

सूचना पर कोतवाली सीएसपी दीपक मिश्रा, मदनमहल टीआई प्रीति तिवारी, बस स्टैंड चौकी प्रभारी लक्ष्मी तिवारी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सूचना पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। जिन्होंने पुलिस पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीएम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

यह है मामला

बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित पंकज पैलेस में नर्सिंग कॉलेज में पढ़ने वाली 55 छात्राएं मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में परीक्षा देने आई थीं। 21 वर्षीय नर्सिंग छात्रा परीक्षा देकर शाम 6.15 बजे होटल के कमरे में पहुंची और सहेलियों से पेपर के बारे में बातचीत कर रही थी। तभी उसका परिचित कटनी बरगवां निवासी रजनीश झारिया (21) आया और छात्रा से बातचीत करने लगा। कुछ ही देर में रजनीश ने तेज आवाज में बात करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। वहीं छात्रा को कमरे से बाहर निकलने के लिए कहा। जब छात्रा कमरे से बाहर नहीं निकली, तो आरोपित ने कमरे में घुसकर छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में छात्रा के कंधे और गले में गंभीर चोटें आईं। जब उसकी सहेली ने बीच बचाव किया, तो उसपर भी चाकू से हमला किया। घायल छात्रा की आवाज सुनकर अन्य छात्राएं मौके पर पहुंची और भागने की कोशिश कर रहे आरोपित को पकड़ लिया। तभी होटल कर्मचारी और अन्य लोगों ने आरोपित को बाहर निकाला, जिसके बाद भीड़ ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने बीच बचाव कर मामले को शांत किया और आरोपित को गिरफ्तार किया। रजनीश घटना के बाद से घबराया हुआ था।

बुधवार को कोर्ट में बिगड़ी तबीयत

आरोपित रजनीश को बुधवार की दोपहर मुलाहजा कराने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेश करने पर उसे जेल भेजने के आदेश दिए। लेकिन तभी रजनीश ने तबीयत खराब होने की बात कहते हुए कोर्ट रूम से बाहर निकालकर उल्टियां करना शुरू कर दिया। यह देखकर पुलिसकर्मियों ने उसे विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी इलाज के दौरान रात में मौत हो गई।

पुलिस ने कहा कि जहर खा लिया होगा, परिजन ने लगाया आरोप

मृतक के भाई दुर्गेश ने आरोप लगाया कि उसके भाई रजनीश की मौत की खबर सुनकर जब वह अस्पताल पहुंचे, तो पुलिस ने बताया कि शायद उसने जहर खा लिया हो। रजनीश के नाखून नीले पड़ गए थे। दुर्गेश ने आरोप लगाया कि यदि उसने जहर खाया तो पुलिस की कस्टडी में खाया। यह कैसे हुआ। वहीं उसके शरीर में चोट के निशान भी हैं। मामले में निष्पक्ष जांच के लिए मांग की गई है।

रात को आया, तो पुलिस ने मिलने नहीं दिया

दुर्गेश ने आरोप लगाया कि जब उसके भाई रजनीश को गिरफ्तार किया गया, तो भी उन लोगों को सूचना नहीं दी गई। रजनीश के एक दोस्त ने देखा और उसने फिर घर आकर जानकारी दी। सुबह जब वह थाने पहुंचा, तो उसे उसके भाई से मिलने भी नहीं दिया गया। वहीं रजनीश के उस युवती से डेढ़ साल से प्रेम संबंध चल रहे थे। तीन दिन से युवती बात नहीं कर रही थी। रजनीश मंगलवार की दोपहर में दोस्त से मिलने की बात कहकर गया था। लेकिन वह जबलपुर उस युवती के पास आ गया। जब युवती ने उसे फटकारा तो उसने घटना को अंजाम दे दिया।

प्राइवेट फस्ट ईयर की परीक्षा देकर करता था जॉब

दुर्गेश ने बताया कि रजनीश फस्ट ईयर की पढ़ाई प्राइवेट कर रहा था। इसके अलावा दुकान में भी काम करता था। उसके घर में उसके पिता सुरेश, मां शकुनतला और वह है। पिता बेल्डिंग वर्क का काम करते है।

इनका कहना है

न्यायिक जांच कराई जा रही है। पीएम रिपोर्ट में मामला स्पष्ट हो जाएगा। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-दीपक मिश्रा, सीएसपी कोतवाली

Leave a Reply

Back to top button