नदी में अचानक पानी बढ़ने से दो युवक फंसे, रेस्क्यू कर बाहर निकाला
water pani nadi
भोपाल। नेपानगर में गुरुवार दोपहर से तेज बारिश होने के कारण देर शाम को पांधार नदी में अचानक पानी बढ़ गया। इसी बीच नदी में पानी देखने गए दो युवक यहां फंसकर रह गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवकों को नदी से बाहर निकाला गया। प्रशासन की टीम ने गोताखोरों की मदद से रात नौ बजे उन्हें बाहर निकाला। इस दौरान हड़कंप की स्थिति मची रही।
दोपहर से ही मूसलाधार बारिश
जानकारी के अनुसार शाम करीब छह बजे भवानी नगर निवासी उदय वागले (20) और आर्यन पटेल (18) नदी में आई बाढ़ के पानी को देखने गए थे। नगर में गुरुवार दोपहर से ही मूसलाधार बारिश जारी है। जिसके चलते नदी नाले उफान पर आ गए।
दोनों युवक मुस्लिम कब्रिस्तान स्थित नदी तट पर बाढ़ का पानी देखने गए थे, लेकिन उनके नदी तट पर पहुंचते ही कुछ समय में पानी अचानक बढ़ने लगा। देखते ही देखते पानी इतना बढ़ गया कि युवकों को अपनी जान बचाने के लिए पत्थर पर जाकर बैठना पड़ा।
इसके बाद उन्होंने मोबाइल के माध्यम से अपने परिचितों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार सुंदरलाल ठाकुर, नगर पालिका सीएमओ राजेश मिश्रा, एएसआई गोपाल ठाकुर, आरआई फिरोज खान सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन चालू कराया।
गोताखोरों की मदद से युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद युवकों को नदी से बाहर निकाला। सुरक्षित निकले युवकों से उनके स्वजन ने गले मिलकर खुशी जताई। वहीं प्रशासनिक अफसर-कर्मियों को धन्यवाद दिया। वहीं मौके पर क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए।