निगम अध्यक्ष मनीष पाठक द्वारा पूर्व में किए गए निरीक्षण पर नाराजगी व्यक्त करने का दिखा असर, सीसी रोड का सुधार कार्य हुआ प्रारंभ
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक द्वारा पूर्व में किए गए निरीक्षण पर नाराजगी व्यक्त करने का दिखा असर, सीसी रोड का सुधार कार्य हुआ प्रारंभ
मसुरहा वार्ड एवं जालपा देवी वार्ड में पुनः निरीक्षण कर निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने लिया सड़क निर्माण का जायजा, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होने की दी हिदायत
कटनी- मसुरहा वार्ड एवं जालपा देवी वार्ड में निर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा प्राप्त शिकायतों पर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक द्वारा पूर्व में किए गए निरीक्षण एवं निर्देशों का असर अब दिखाई देने लगा है। निर्माण कार्य में पाई गई अनियमितताओं पर नाराजगी व्यक्त करने के बाद आज दिनांक 30 मई 2026 को निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने पुनः स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों का सुधार कार्य प्रारंभ कर दिया गया है तथा सड़क को पुनः गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप बनाने की प्रक्रिया जारी है।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने मौके पर उपस्थित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुधार कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही पूर्ण किया जाए।
श्री पाठक ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनता के कर से किए जाने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्री पाठक ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को दीर्घकालीन एवं टिकाऊ सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
निगम अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देशित किया कि सुधार कार्य पूर्ण होने तक नियमित रूप से निगरानी रखी जाए तथा प्रत्येक चरण का परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने क्षेत्रीय नागरिकों से भी चर्चा की तथा उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता एवं सुझावों से ही बेहतर निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान अज्जू सोनी लालू साहू, बलराम जयसवाल,चीकू जायसवाल,मुन्ना जायसवाल, शैलेंद्र जायसवाल विनोद गुप्ता चंदन गुप्ता नितिन गौतम मनोज खरे लवी सुहाने सहित संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।