धान के अवैध परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: कटनी-जबलपुर बायपास पर 301.50 क्विंटल धान से भरा ट्रक पकड़ाया, 88,930 रुपये का जुर्माना वसूला
कटनी । जिले में धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा दलालों, बिचौलियों और अवैध व्यापारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद मंडी उड़नदस्ता दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के धान ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ा है। इस मामले में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 88 हजार 930 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है।
बायपास पर जांच के दौरान पकड़ाया वाहन
मंडी प्रशासक एवं एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि उड़नदस्ता दल द्वारा कटनी-जबलपुर बायपास पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध प्रतीत होने पर ट्रक क्रमांक यूपी-65-एफटी-8757 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में 301.50 क्विंटल धान लदा हुआ पाया गया।
दस्तावेज न दिखाने पर हुई कार्रवाई
जब उड़नदस्ता दल ने वाहन चालक से धान के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज एवं अनुज्ञा पत्र मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर टीम ने तत्काल प्रकरण तैयार कर मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19 (4) के तहत दंडात्मक कार्रवाई की। धान के अवैध परिवहन
वसूली गई राशि का विवरण:
मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित से कुल 88,930 रुपये की राशि वसूल की गई, जिसमें शामिल हैं:
- दांडिक मंडी शुल्क: 74,056 रुपये
- निराश्रित शुल्क: 9,874 रुपये
- प्रशमन शुल्क: 5,000 रुपये
इस पूरी कार्रवाई में मंडी उड़नदस्ता दल प्रभारी एवं उपनिरीक्षक श्री सुधीर कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक श्री प्रशांत मौर्य और उपनिरीक्षक श्री विकास नारायण मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से धान का परिवहन करने वाले व्यापारियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।












