तेंदुए ने दहाड़कर गला पकड़ा, युवक ने मुक्का मारा तो गिरकर भागा

पीपरी (देवास) समीपस्थ जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए युवक ने अद्भुत साहस दिखाया। तेंदुए ने हमला कर उसका गला जकड़ लिया फिर भी वह गिरा नहीं और हिम्मत से चिल्लाते हुए तेंदुए को मुक्का मारा। इस पर तेंदुआ गिर गया और जंगल में चला गया। जिसने भी घटना सुनी दांतों तले अंगुली दबा ली।

पोलाखाल के पास भूरिया तलाई जंगल की घटना

घटना पोलाखाल के पास भूरिया तलाई जंगल में रविवार सुबह की है। जानकारी के अनुसार ग्राम पोलाखाल निवासी 40 वर्षीय कान्हा पुत्र करताल कोली बहन, पत्नी और मां बीनाबाई के साथ रविवार सुबह पुंजापुरा रेंज के अंतर्गत जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे।

पेड़ के पीछे से तेंदुआ आ गया

सुबह करीब 8.30 बजे सभी लोग तेंदूपत्ता तोड़ रहे थे। इसी दौरान कान्हा के सामने पेड़ के पीछे से तेंदुआ आ गया। दहाड़ते हुए उसने कान्हा पर हमला कर दिया। कान्हा ने भी हिम्मत दिखाई और तेंदुए को मुक्का मारा। शोर मचाया, जिससे तेंदुआ भाग गया। कान्हा को पीठ पर हमला होने से खरोंच आई है। स्वजन के साथ कान्हा पैदल ही घर पहुंचा। इसके बाद उदयनगर में इलाज करवाने पहुंचे।

तेंदुए के दो बच्चों (शावक) को भी देखा

कान्हा की मां ने बताया कि उन्होंने तेंदुए के दो बच्चों देखा था। इससे आशंका है कि मादा तेंदुए ने हमला किया होगा। वह पानी की तलाश में आई होगी।

इनका कहना

घटना की जानकारी मुझे मिली है। वन परिक्षेत्राधिकारी पुंजापुरा को अवगत करा दिया है। युवक का इलाज कराया जाएगा और तेंदूपत्ता सहायता राशि दी जाएगी।

-अमित सोलंकी, एसडीओ

Exit mobile version