Site icon Yashbharat.com

डामरीकरण से कमिश्नर का इंकार

yashbharat mono

 कटनी। दुगाड़ी नाला पुलिया निर्माण में लापरवाही पूर्वक कार्य को लेकर आज पुनः पूर्व विधायक श्रीमती अलका जैन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने नगर निगम आयुक्त संजय जैन से मुलाकात कर मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले 6 माह से लोग परेशान है। आम जनता के आवागमन हेत बनाये गये डायवर्सन मार्ग के डामलीकरण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर अपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए। नगर निगम आयुक्त ने आश्वस्त किया कि दो दिन में पुराना मटेरियल हटाकर मार्ग को चलने लायक बनाया जाएगा लेकिन उन्होंने डामरीकरण से इंकार किया।

प्रतिनिधि मंडल के साथ कमिश्नर स्वयं आज फिर मार्ग का निरीक्षण करने गए। उल्लेखनीय है कि पखवाड़े भर पहले जब आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया था, तब नगर निगम के कार्यपालन यंत्री ने लिखित में डामरीकरण का आश्वासन दिया था अब कमिश्नर द्वारा इससे इंकार करने पर कार्यपालन यंत्री स्वयं अपनी बातों में फंस गए हैं। प्रतिनिधिमंडल में विष्णु बाजपेयी, सुजीत द्विवेदी, रविन्द्र गुप्ता, संदीप नायक, संतू परौहा, अनिल सिंह आदि की मौजूदगी रही। कहा गया है कि दुगाड़ी पुलिया के विस्तारीकरण कार्य के दौरान पुलिया को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।

वैकल्पिक मार्ग लोक निर्माण विभाग के मापदण्डानुसार न बनाये जाने से मुख्य मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया गया कि ठेकेदार राजू जैन एवं कार्यपालन यंत्री नगर निगम द्वारा सुनियोजित तरीके से बाधा उत्पनन की जा रही है। यह लोक न्यूसेंस की परिधि में आता है। प्रतिनिधि मंडल ने इस सिलसिले में नगर निगम आयुक्त से चर्चा की।

Exit mobile version