ट्रेक से उतरी मालगाड़ी,रेल यातायात 6 घंटे रहा बाधित

अजमेर। अजमेर रेलवे स्टेशन के निकट दौराई रेलवे स्टेशन पर हुए रेल हादसे में मूंदड़ा पोर्ट जा रही डबल डेकर स्टेक कन्टेनर रेक के दो डिब्बे बेपटरी होने से रेल संचालन पूरी तरह ठप हो गया। अजमेर से अहमदाबाद और मुंबई की ओर जाने वाली दोनों ही ट्रेक इस रेल दुर्घटना के बाद लगभग 6 घंटे तक बाधित रहे जिससे एक दर्जन एक्सप्रेस और मेल सहित पैसेंजर रेलगाडिय़ां लेट हुईं। दौराई रेलवे स्टेशन के बाहर रेलवे पॉइंट पर हुए इस रेल हादसे में डबल स्टेक रेक के डिब्बा नंबर 5 और 6 अचानक बेपटरी हो गए। तेज आवाज के साथ जैसे ही सामान से भरे कन्टेनर लदे हुए दोनों रेल डिब्बे पटरी से उतरे तो लगभग 35 स्लीपर भी क्षतिग्रस्त हो गए। रेल पायलट की सुझबूझ के चलते यह हादसा दो डिब्बों तक ही सीमित रह गया अन्यथा लगभग 40 डिब्बों की यह रेलगाड़ी जिस पर उपर और नीचे कन्टेनर लदे हुए थे जमीन पर गिर जाते जिससे कई किलोमीटर तक का ट्रेक क्षतिग्रस्त हो जाता। पायलट की सूझबूझ ने इस रेल हादसे को जहां बड़ा रूप लेने से रोक दिया वहीं किसी तरह की जनहानि नहीं होने दी।

रेल दुर्घटना की सूचना मिलते ही अजमेर मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी, तकनीकी रेल कर्मचारी और राहत व दुर्घटना के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले समस्त आधुनिक संसाधन लेकर तुरंत मौके पर पहुंचे। इस हादसे की सूचना मिलते ही जोन प्रशासन तक में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार कश्यप, अपर मंडल रेल प्रबंधक,वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर सहित मंडल के अनेक रेल अधिकारी यातायात को बहाल करने में जुट गए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेशचंद ने बताया कि बुधवार भूज-बरेली एक्सप्रेस को घटना के बाद ब्यावर स्टेशन पर रोका गया। गरीब रथ एक्सप्रेस को सराधना, आगरा-अहमदाबाद एक्सप्रेस को अजमेर, हरिद्वार-अहमदाबाद एक्सप्रेस को मदार, अहमदाबाद इंटर सिटी को देरी से रवाना किया गया। मारवाड़-अजमेर पैसेंजर को हरिपुर में रोका गया। ट्रेक दुरुस्त होने के बाद इन सभी गाडिय़ों को यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से रवाना करने के कार्य शुरू कर दिए गए। वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जसराम मीणा अलसुबह सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम पहुंच गए जहां से उन्होंने रेल संचालन को व्यवस्थित किया। जानकारी के मुताबिक रेल दुर्घटना के बाद सराधना और मदार रेलवे स्टेशनों पर रेल प्रशासन ने रेलगाडिय़ों में अटके रेलयात्रियों के लिए चाय और बिस्किट की व्यवस्था करवाई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अजमेर महेशचंद जेवलिया ने कहा कि बुधवार को दौराई रेलवे स्टेशन के निकट हुए रेल हादसे को मंडल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की जांच समिति गठित की गई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version