जॉनसन एंड जॉनसन को भारत में बड़ी सफलता, सिंगल खुराक वाली वैक्सीन को मिली आपात उपयोग की मंजूरी
जॉनसन एंड जॉनसन की सिंगल खुराक वाली वैक्सीन को भारत में आपातकालीन उपयोग के लिए मंजूरी दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
टीकाकरण के क्षेत्र में शनिवार को अमेरिकी वैक्सीन निर्माता कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल इसकी सिंगल खुराक वाली वैक्सीन को भारत में आपातकालीन उपयोग के लिए मंजूरी दे दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
बता दें कि बीते शुक्रवार को जॉनसन एंड जॉनसन ने अपनी वैक्सीन के आपात इस्तेमाल के लिए भारत सरकार से अनुमति मांगी थी। खास बात यह है कि यह वैक्सीन सिंगल डोज वैक्सीन है। यानी इसकी एक ही डोज कोरोना के खिलाफ काफी है। भारत में अबतक जितनी भी वैक्सीन कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए इस्तेमाल हो रही हैं, वे सभी डबल डोज वैक्सीन हैं।
जॉनसन एंड जॉनसन इंडिया के प्रवक्ता ने जताई खुशी
वहीं मंजूरी मिलने के बाद जॉनसन एंड जॉनसन इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि सात अगस्त 2021 को, भारत सरकार ने भारत में जॉनसन एंड जॉनसन की सिंगल खुराक कोरोना वैक्सीन के लिए आपातकालीन उपयोग की मंजूरी दे दी ताकि 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण को रोका जा सके।
देश में अब कुल पांच वैक्सीन
भारत में अभी तक भारत बॉयोटेक की कोवाक्सिन, सीरम की कोविशील्ड, रूस की स्पूतनिक-वी, मॉडर्ना को मंजूरी मिली है। ऐसे में जॉनसन एंड जॉनसन को सरकार द्वारा अनुमति मिलने से देश में अब कुल पांच वैक्सीन हो गई हैं जिसका इस्तेमाल कोरोना के खिलाफ किया जाएगा।








