Friday, May 1, 2026
Latest:
Latestराष्ट्रीय

जेल जाएंगे अनिल अंबानी, गिरफ्तारी वारंट जारी

मधेपुरा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन अनिल अंबानी के खिलाफ मधेपुरा सिविल कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। बीमा कंपनी द्वारा मुआवजा भुगतान नहीं करने के कारण वारंट जारी किया गया है।

वारंट महाराष्ट्र के डीजीपी के माध्यम से जारी करने का निर्देश कोर्ट ने दिया है। जानकारी के अनुसार मधेपुरा जिला के बेहरी निवासी सैनी साह की मौत 13 जुलाई, 2011 को असम के मोरन थाना के तिलौरी गांव में ट्रक दुर्घटना में हो गई थी। ट्रक रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी से बीमित था।

16 अगस्त, 2011 को सैनी की मां कौशल्या देवी ने मधेपुरा कोर्ट में बीमा राशि भुगतान के लिए कंपनी के ऊपर दावा दाखिल किया था। इसके आलोक में कोर्ट ने 28 फरवरी, 2017 को कंपनी को 18 लाख 83 हजार रुपए और अलग से नौ फीसद सालाना ब्याज आवेदन दाखिला तिथि से जोड़कर सैनी के परिजनों को देने का आदेश दिया था।

मुआवजा की राशि भुगतान नहीं होने के बाद दावाकर्ता के अधिवक्ता श्यामानंद गिरि ने मुआवजा राशि वसूली के लिए सिविल कोर्ट में इजराइल वाद दाखिल किया। उसके बाद बीमा कंपनी को दो बार न्यायालय से नोटिस भेजा गया, लेकिन बीमा कंपनी ने कोई जवाब नहीं दिया।

उसके बाद दावाकर्ता के अधिवक्ता ने बीमा कंपनी के चेयरमैन अनिल अंबानी को गिरफ्तार करने का आवेदन कोर्ट में दाखिल किया। साथ ही न्यायालय से आग्रह किया कि महाराष्ट्र के डीजीपी के माध्यम से अनिल अंबानी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाए। आग्रह को स्वीकार करते हुए जिला जज ने निर्देश जारी कर दिया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply