
Politics: भारतीय जनता पार्टी तीनों राज्यों में सीएम के चेहरे पर फंसी नजर आ रही है। तमाम बैठक के बाद अनिर्णय की स्थिति है लिहाजा भाजपा अब पर्यवेक्षक भेजकर राज्यों से मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाने की कोशिश कर रही है।
जीत की हैट्रिक के बाद अब सरकार बनाने की तैयारी के तहत एमपी राजस्थान तथा छत्तीसगढ़ में पर्यवेक्षक भेजेगी। आज पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक भी हुई. बीजेपी पार्लियामेंटरी बोर्ड को राज्यों के पर्यवेक्षकों के नाम तय करने थे. जो अब कल तक तय होंगे। अब अगला प्लान ये है कि तीनों राज्यों में केंद्रीय पर्यवेक्षक भेजे जायेंगे. पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में विधायक दल की मीटिंग में सीएम नाम फ़ाइनल किया जाएगा। माना जा रहा है कि बैठक कल आयोजित होगी।
बीजेपी ने नहीं घोषित किया था सीएम फेस
दरअसल, बीजेपी ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन कहीं भी सीएम चेहरा घोषित नहीं किया था. अब तीन राज्यों में बंपर जीत के बाद बीजेपी का अगला प्लान राज्यों के मुख्यमंत्री चुनना होगा. इसके लिए तीनों राज्यों में पर्यवेक्षक भेजे जाएंगे.
यह केंद्रीय पर्यवेक्षक राज्यों में जाकर विधायक दल की मीटिंग में शामिल होंगे और फिर वहीं सर्वसम्मति से विधायत दल का नेता चुने जाने के साथ सीएम का नाम फाइनल किया जाएगा.
तीनों राज्यों में कौन बनेगा सीएम
अब जब भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव जीत लिया है तो तीनों ही राज्यों में सीएम पद के लिए कई नाम सामने आ रहे हैं. इनमें मध्य प्रदेश में मौजूदा सीएम भले ही शिवराज सिंह चौहान हैं, लेकिन क्या वही अगले सीएम बनेंगे यह साफ नहीं है. राज्य का चुनाव भी बतौर सीएम फेस शिवराज सिंह चौहान नहीं लड़ा गया था. ठीक इसी तरह, राजस्थान का चुनाव जीतने के बाद वहां भी बीजेपी के लिए यही अगला टास्क है कि सीएम किसे बनाया जाए, जिससे सभी राजनीतिक समीकरण सधे रहें. छत्तीसगढ़ में भी रमन सिंह और उनके अलावा कई नाम हैं जो सीएम पद की दौड़ में हैं, लेकिन इनमें से किसी के नाम पर चुनाव नहीं लड़ा गया है.








