Monday, April 20, 2026
Latest:
Latestराष्ट्रीय

जागरूक पहल:वोट डालो, अंगुली पर निशान दिखाओ और पेट्रोल में 50 पैसे प्रति लीटर की छूट पाओ

नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों के दौरान वोटिंग परसेंट को कैसे बढ़ाया जाए, चुनाव आयोग इसके लिए तमाम तरह के उपाय आजमा रहा है। स्कूल-कालेजों में जहां अभियान के तहत छात्र-छात्राओं के साथ ही ग्रामीणों को मतदान करने को लेकर जागरूक किया जा रहा है।

वहीं चुनाव के दिन आप वोट देने के बाद अपनी उंगली पर लगे निशान को दिखा कर सस्ते ईंधन खरीद सकते हैं। आल इंडिया पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने कहा है कि उनके चयनित पेट्रोल पंपों पर चुनाव के दिन वोट देने बाद मतदाताओं को पेट्रोल और डीजल पर 50 पैसे प्रति लीटर की छूट दी जाएगी।

एसोसिएशन यह कदम देश में वोटिंग करने के प्रति लोगों में जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से कर रहा है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने ‘लोकतंत्र हम से, वोट करें गर्व से’ नाम से एक अभियान की शुरुआत भी की है। एसोसिएशन के पेट्रोल पंपों पर आने वाले सभी ग्राहकों को वोटिंग के दिन अपने मतदान अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

डॉक्टर का एलान- मतदान, उंगली पर वोट का निशान तो मुफ्त परामर्श

सियासी घमासान के बीच कर्नाटक में मेंगलुरु के एक डॉक्टर ने अच्छी पहल शुरू की है। लोकतंत्र के इस सबसे बड़े पर्व में मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए डॉक्टर श्रीधर एमएल ने ऐलान किया है कि 18 अप्रैल को मतदान कीजिए और मुफ्त में चिकित्सीय परामर्श लीजिए। डॉक्टर के इस कदम की चारों तरफ सराहना हो रही है।

लोगों को जागरूक करने के लिए श्रीधर ने अपने प्राइवेट क्लीनिक के बाहर एक नोटिस चस्पा कर रखा है। इस नोटिस पर लिखा है, ’18 अप्रैल को मतदान कीजिए। उंगली में लगा वोटिंग का निशान दिखाइए और मुफ्त में चिकित्सीय परामर्श लीजिए।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply