Latest

जब नाराज कमलेश टॉवर पर चढ़ा, ऐसे पूरी करवाई अपनी मांग

इलाहाबाद।  कोरांव थाना क्षेत्र के भगेसर गांव के कई मोहल्ले के लोग महीनों से अंधेरे में रह रहे हैं। इन मोहल्लों में लगे दो ट्रांसफार्मर लंबे समय से जले हैं लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारी कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद उन्हें नहीं बदलवा सके।
लंबी जद्दोजहद के बाद ग्रामीणों ने चंदा कर रुपये दिए तो उन्हें कहीं से ट्रांसफार्मर दिया गया। लेकिन यह दोनों ट्रांसफार्मर लगने के महज कुछ घंटों बाद ही जल गए। इससे ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। विद्युत विभाग की उदासीनता से नाराज गांव का ही कमलेश कुमार पाल नामक युवक जान देने की नीयत से रविवार को मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। इस बात की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
गांव के लोगों ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी इस पर पुलिस को सूचना दी गई। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर पाकर कोरांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर कोरांव शमशेर बहादुर सिंह ने विद्युत व्यवस्था ठीक कराए जाने का आश्वासन देकर कमलेश को नीचे उतारा। पूरे घटनाक्रम के दौरान कमलेश के परिजनों की सांस अनहोनी की आशंका से अटकी रही।

Leave a Reply

Back to top button