जबलपुर में 6 नए कोरोना पॉजिटिव, मुम्बई से आई युवती व उसके पिता संक्रमित
जबलपुर, यशभारत ब्रेकिंग@आशीष शुक्ला विक्टोरिया अस्पताल, मेडिकल और आईसीएमआर लैब से आज मंगलवार की रात मिली जाँच रिपोर्ट्स में छह व्यक्तियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है ।
जिला अस्पताल विक्टोरिया की ट्रू नेट स्क्रीनिंग टेस्ट रिपोर्ट में चार लोंगो को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है । चारों ट्रिपल आईटी डुमना रोड के निवासी हैं ।
इनमें 52 वर्षीय पुरुष एवं उनकी 26 साल की बेटी शामिल है । बेटी मुम्बई में रहती है और 16 जून को पिता के साथ ट्रेन से जबलपुर आई थी।
पिता उसे 9 जून को लेने ट्रेन से मुंबई गये थे । पिता- पुत्री के अलावा परिवार के दो अन्य पॉजिटिव 26 वर्ष की युवती और 52 वर्ष की महिला है ।
आईसीएमआर लैब से मंगलवार की रात मिली परीक्षण रिपोर्ट्स में भड़पुरा संजय नगर सुभाष वार्ड आधारताल निवासी 23 वर्षीय युवक को कोरोना संक्रमित पाया गया है ।
युवक की माँ की 20 जून को कोरोना से मृत्यु हो गई थी । वहीं मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब से इंदिरा हाई स्कूल के पास माढ़ोताल निवासी 28 वर्ष की युवती को कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है।

