जबलपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित जबलपुर शहर के चॉदनी चौक और सराफा कंटेन्मेंट जोन में लोगों के मूवमेंट को रोकने एवं नियमों का सख्ती से पालन कराने करीब 40 सीसीटीव्ही कैमरों से नजर रखी जा रही है ।
ये सीसीटीव्ही कैमरे कंटेन्मेंट जोन के प्रवेश मार्गों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर लगाये गये हैं । इनकी लिंक कंटेन्मेंट जोन के मुख्य प्रवेश मार्ग पर बनाये गये नगर निगम के अस्थाई उप- कार्यालय सहित पुलिस कंट्रोल रूम और एकीकृत कोरोना कण्ट्रोल रूम को उपलब्ध कराई गई है ।
जहाँ से इन क्षेत्रों की हर गतिविधि की मॉनिटरिंग की जा रही है और प्रतिबन्धों एवं नियमों के उल्लंघन के मामलों में उचित कार्यवाही भी की जा रही है । सीसीटीव्ही कैमरे के साथ ही दोनों कंटेन्मेंट क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से भी निगरानी रखी जा रही है । चाँदनी चौक और सराफा कंटेन्मेंट जोन के अलावा कुछ कैमरे निवाडग़ंज मंडी में भी जिला प्रशासन द्वारा लगाये गये हैं ।

