NEET परीक्षा विवाद पर कटनी में युवाओं का उबाल, हजारों छात्र-युवा सड़कों पर उतरे,शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, निष्पक्ष जांच और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की उठी आवाज
NEET परीक्षा विवाद पर कटनी में युवाओं का उबाल, हजारों छात्र-युवा सड़कों पर उतरे,शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, निष्पक्ष जांच और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की उठी आवा
कटनी। NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध की गूंज अब कटनी में भी तेज़ हो गई है। हजारों छात्र-छात्राओं और युवाओं ने शनिवार को शहर में विशाल प्रदर्शन कर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन की शुरुआत शहर के स्टेडियम परिसर से हुई, जहां बड़ी संख्या में युवा एकत्र हुए। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि NEET परीक्षा से जुड़े कथित विवादों ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सभा के बाद हजारों छात्र-युवा बैनर और तख्तियां लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से रैली के रूप में निकले। पूरे मार्ग में प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर नारे लगाए। रैली के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में आंदोलन का व्यापक असर देखने को मिला।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं की गई तो देश के लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे प्रकरण की समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों को कठोर दंड दिया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए इस प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं की भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि NEET परीक्षा विवाद को लेकर युवाओं में व्यापक आक्रोश है और वे शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की मांग को लेकर एकजुट हैं।