गुजरात विधानसभा चुनाव : BJP ने जारी की पांचवीं सूची, कई …
अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी पांचवीं सूची जारी कर दी है। इस सूची में 5 उम्मीदवारों को ही दोबारा टिकट दिया गया है जबकि, 8 नए चेहरे उतारे गए हैं। पहली सूची में गुजराती कलाकार हितू कनोडिया को भी मैदान में उतारा है।
भाजपा में 72 वर्ष से अधिक उम्र के नेताओं को टिकट नहीं दिया जाता लेकिन ऊझा के नारण पटेल को 79 की उम्र में भी मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए विधायक अमित चौधरी को भाजपा ने माणसा से टिकट दिया है। अहमदाबाद की ठक्करबापा नगर, पाटण, नडियाद सीट पर भाजपा ने अपने पुराने दिग्गजों पर ही भरोसा जताया है।
भाजपा के पूर्व विधायक और गुजराती कलाकार नरेश कनोडिया के पुत्र हितू कनोडिया को भाजपा ने ईडर में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष रमण वोरा की सीट पर मैदान में उतारा है।
बहू व सास में संग्राम-
सांसद प्रभात सिंह चौहाण की पुत्रवधू सुमन चौहाण को कलोल से टिकट देने से सास रंगेश्वरी नाराज हो गई। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर चेतावनी दी कि अब देखती हूं बहू प्रचार करने कैसे जाती है। उसे में घर से बाहर पैर भी नहीं रखने दूंगी। दरअसल सांसद महोदय ने भाजपा से अपनी पत्नी के लिए टिकट मांगा था लेकिन भाजपा ने बहू को टिकट दे दिया।
कांग्रेसियों का अनूठा प्रेम-
गुजरात कांग्रेस आमतौर पर गुटबाजी के लिए बदनाम है लेकिन शुक्रवार को वडोदरा की सावली सीट के तीन दावेदार विधायक खुमाणसिंह चौहाण, टिकट के दावेदार सागर ब्रम्हभट व विजय गोहिल ने एक साथ मिलकर जुलूस निकाला और कलेक्टर कार्यालय जाकर तीनों ने नामांकन भी भर दिया।
अब कांग्रेस आलाकमान से कहा है कि वह तीन में से चाहे जिसे टिकट दे। उन्होंने कहा कि हम तीनों मिलकर उसे चुनाव जिताएंगे। कांग्रेस को भी तीनों के इस प्रेम व एकता से राहत है। संभावना है कि इनमें से किसी एक को टिकट देने के बाद कोई बगावत नहीं होगी। इन तीनों प्रत्याशियों ने आपस में ही समझौता कर लिया है।