अंतराष्ट्रीय

गिनी की खाड़ी में 22 भारतीय कर्मचारियों समेत जहाज लापता

नई दिल्ली। पश्चिम अफ्रीका में गिनी की खाड़ी में 22 भारतीय कर्मचारियों समेत एक मर्चेंट जहाज शुक्रवार से लापता है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार को एक ट्वीट कर यह जानकारी दी। यह जहाज हांग कांग की कंपनी एंगलो -ईस्टर्न का है और शुक्रवार से लापता है तथा अंतिम बार इसे बेनिन के जलीय क्षेत्र में देखा गया था।

मुम्बई में नौवहन महानिदेशालय के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक इस जहाज से कोई संपर्क नहीं हो पाया है और फिरौती की मांग की भी खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि मुम्बई की एंग्लो ईस्टर्न शिप मैनेजमेंट का काफी सहयोत्मक रवैया है और उसने चालक दल के परिवारों के वास्ते आपात संपर्क केंद्र भी खोला है। यह जहाज इसी कंपनी की है।

स्वराज ने ट्वीट किया, ‘मुम्बई की एंग्लो ईस्टर्न शिपिंग कंपनी का वाणिज्यिक पोत मैरीन एक्सप्रेस (ऑयल टैंकर) गिनी की खाड़ी में बेनिन के पास समुद्र में लापता हो गया जिस पर 22 भारतीय नागरिक सवार थे। हम लापता जहाज का पता लगाने लिए नाईजीरियाई और बेनिन के नौसेना अधिकारियों के साथ तालमेल कायम कर हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हमने हेल्पलाईन नंबर .(+234)9070343860 भी शुरू की है।’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि अबुजा में भारतीय मिशन तेल जहाज का पता लगाने में मदद के लिए नाईजीरिया और बेनिन के संपर्क में है। नौवहन महानिदेशालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘उस क्षेत्र का समुद्री लूटपाट का इतिहास रहा है और संदेह है कि यह समुद्री लूटपाट का मामला हो। जहाज से हर प्रकार का संपर्क टूट गया है। फिलहाल हमें यह भी मालूम नहीं है कि फिरौती की मांग की गई है या नहीं।’

अभी एक महीने से भी कम समय पहले जनवरी में एक अन्य जहाज एम टी बेरेट भी बेनिन के समीप समुद्र में लापता हो गया था और बाद में पुष्टि हुई थी कि उसे अगवा कर लिया गया था। कथित रूप से फिरौती के भुगतान के बाद चालक दल के 22 सदस्य छोड़े गए थे, उनमें ज्यादातर भारतीय थे। नौवहन महानिदेशालय के एक अधिकारी ने बताया कि उनका विभाग भारतीय मिशनों के संपर्क में है और ‘नाविकों को निकालने के लिए सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button