गर्मी, उमस से मिलेगी राहत: जबलपुर, शहडोल संभाग में बौछारें पड़ने की संभावना
Rain in MP: मध्य प्रदेश में फिलहाल कोई वेदर सिस्टम नहीं है। इस वजह से लगभग पूरे प्रदेश में बारिश का क्रम थमा हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बन गया है। मानसून ट्रफ का पूर्वी छोर भी बंगाल की खाड़ी में है।
इसके प्रभाव से सोमवार से प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र के शहडोल, जबलपुर संभागों के जिलों में बारिश शुरू होने के आसार हैं। तीन दिन बाद भोपाल, होशंगाबाद, इंदौर संभागों के जिलों में भी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इसके पहले राजधानी सहित कुछ जिलों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के शहडोल, जबलपुर, होशंगाबाद, भोपाल, चंबल एवं इंदौर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई तथा शेष संभागों के जिलों का मौसम मुख्यत: शुष्क रहा।
पिछले 24 घंटों में पचमढ़ी में पांच, जबलपुर में 4.8 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी में कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ीं। राजधानी का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के असर से सोमवार से पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में बौछारें पड़ने का सिलसिला शुरू हो सकता है। हालांकि राजधानी में तीन दिन बाद ही बारिश होने के आसार हैं। इसके पहले मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। इससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।