कोरोना संक्रमित और सस्पेक्ट से भरवाया जा रहा फॉर्म, उल्लंघन करने पर होगी जेल
इंदौर । कोरोना संक्रमित मरीज भी बाउंड ओवर हो रहे हैं। उपचार के साथ उनसे एक फॉर्म भरवाया जा रहा है जिसमें नियम-कायदे से रहने की हिदायत दी जा रही है। मरीज स्वयं लिखकर देता है कि नियम तोड़ने पर मेरे विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। महामारी अधिनियम और मप्र पब्लिक हेल्थ एक्ट के तहत केस दर्ज कर लें। पुलिस समय-समय पर जांच करने भी जाती है। अभी तक गुंडे बदमाशों और आदतन अपराधियों को बाउंड ओवर करने की खबरें सुनी होंगी, लेकिन कोरोना संक्रमण काल में मरीज भी बाउंड ओवर होने लगे हैं। उन्हें कोई और नहीं बल्कि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का अमला बाउंड ओवर कर रहा है। जिस तरह अपराधियों का रिकॉर्ड रखा जाता है, उसी तरह उनका भी रिकॉर्ड रखा जा रहा है।

