किसान सम्मेलन : 4 लाख किसानों के खाते में आएंगे 620 करोड़ रुपए
भोपाल। राजधानी के जंबूरी मैदान पर सोमवार को बड़ा किसान सम्मेलन होगा। चुनावी साल में होने जा रहे इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगभग चार लाख किसानों के खातों में भावांतर भुगतान योजना के 620 करोड़ रुपए एक क्लिक पर खाते में हस्तांतरित करेंगे।
इस दौरान जीरो परसेंट ब्याज की मूल रकम नहीं चुका पा रहे किसानों को ब्याज माफी देने कृषक सहायता योजना, स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट को लागू करने और न्यूनतम समर्थन से डेढ़ गुना लागत मूल्य देने सहित कुछ अन्य घोषणाएं हो सकती हैं।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन में दिसंबर में भावांतर भुगतान योजना के तहत फसल बेचने वाले किसानों को भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्मेलन में चुनिंदा किसानों को भुगतान के प्रमाण-पत्र देंगे।
सूत्रों का कहना है कि इस दौरान रबी फसलों को भी भावांतर योजना के दायरे में लाने की घोषणा के साथ किसानों का पंजीयन शुरू हो जाएगा। रबी की चना, मसूर, सरसों और प्याज की फसलें खरीदी जाएंगी। सरकार कार्यक्रम में प्याज के न्यूनतम समर्थन मूल्य भी घोषित कर सकती है।
बताया जा रहा है कि प्याज का समर्थन मूल्य आठ रुपए प्रति किलोग्राम रहेगा। भंडारण के लिए किसानों को अनुदान भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री किसानों के बकाया बिजली बिल फ्रीज कर नियमित बिल अदायगी योजना, उद्यानिकी, पशुपालन और सहकारिता विभाग से जुड़ी कुछ अन्य घोषणाएं भी कर सकते हैं।
योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार
सम्मेलन में सरकार कृषि से जुड़ी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगी। इसके लिए जगह-जगह एलसीडी स्क्रीन लगाई गई हैं। इसके साथ ही कृषि अधिकारी किसानों को विभिन्न् पंडालों में योजनाओं की जानकारी देंगे।
बारिश से गिरे फ्लेक्स, बिखरी कुर्सियां
सम्मेलन से ठीक एक दिन पहले रविवार को दोपहर में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि से जंबूरी मैदान पर व्यवस्था बिगड़ गई। पंडाल में लगाई गईं कुर्सियां बिखर गईं और कनात उड़कर नीचे आ गई। साथ ही रास्ते में लगाए कट-आउट भी गिर पड़े। देर शाम तक प्रबंधक व्यवस्थाओं को बनाने में लगे रहे।
दो लाख किसानों के आने का दावा
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भोपाल के आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में किसान सम्मेलन में हिस्सा लेने आएंगे। करीब दो लाख लोेगों के आने की संभावना है। हालांकि बारिश और ओलावृष्टि के कारण सम्मेलन के प्रभावित होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।
अशोकनगर और शिवपुरी में नहीं होगा भुगतान
अशोकनगर की मुंगावली और शिवपुरी की कोलारस विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर दोनों जिलों में भावांतर भुगतान योजना के तहत अंतर की राशि का भुगतान फिलहाल नहीं होगा। कांग्रेस की शिकायत पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने कृषि विभाग से जवाब-तलब किया था। विभाग ने साफ किया है कि जहां आचार संहिता प्रभावी है, वहां राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा।








