Latestअंतराष्ट्रीय

काबुल में आतंकी हमला: 29 की मौत, 61 जख्मी; IS ने ली जिम्मेदारी

काबुल. अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शुक्रवार को आतंकी हमला हुआ, जिसमें 29 की मौत हो गई, 61 लोग घायल हैं। आतंकी संगठन आईएस हमले की जिम्मेदारी ने ली है। एक साल पहले हिज्ब-ए-वहदत के नेता अब्दुल अली मजारी का निधन हो गया था। लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए जनसभा कर रहे थे, तभी हमला हुआ। दो बंदूकधारी आतंकियों ने लोगों पर गोलीबारी शुरू कर दी। हालांकि, बाद में सुरक्षाकर्मियों ने दोनों हमलावरों को मार गिराया।

हाल में अमेरिका और तालिबान के बीच हुए शांति समझौते के बाद यह सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने हमले की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट किया- यह हमला अफगानिस्तान की राष्ट्रीय एकता और मानवता पर प्रहार है।

भारत ने हमले की कड़ी निंदा की
भारत ने भी काबुल में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा- अंतरराष्ट्रीय समुदाय को आतंकवाद के खिलाफ लड़ने के लिए एकजुट होना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी हमले की कड़ी निंदा की है।

Back to top button