कांग्रेस-ट्विटर तकरार: माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ने कहा- नियम सभी के लिए समान, उल्लंघन हुआ तो आगे भी कार्रवाई करते रहेंगे
राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस और उसके कई सीनियर नेताओं के अकाउंट्स को लॉक किए जाने को लेकर ट्विटर ने बयान जारी किया है। माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट का कहना है कि हम अपने नियमों को न्यायिक तरीके से और बिना किसी पक्षपात के लागू करते हैं। ट्विटर के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हमने ऐसे सैकड़ों ट्वीट पर अपनी ओर से कार्रवाई की है, जो हमारे नियमों का उल्लंघन करते हैं। हम आगे भी अपने नियमों के तहत कार्रवाई करते रहेंगे।
निजी जानकारियां अन्य के मुकाबले ज्यादा खतरनाक
ट्विटर ने कहा कि कुछ निजी जानकारियां अन्य के मुकाबले ज्यादा खतरनाक होती हैं। हमारा लक्ष्य है कि किसी भी व्यक्ति की प्राइवेसी को बचाया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हम लोगों को प्रोत्साहित करते हैं कि वे ट्विटर के नियमों को समझें और इसका सख्ती से पालन करें। इसके अलावा कहीं भी किसी की ओर से नियमों का उल्लंघन होता है तो फिर रिपोर्ट करें।
समीक्षा के बाद कार्रवाई की
अकाउंट ब्लॉक करने के बारे में बताते हुए ट्विटर ने कहा कि उसे राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने अलर्ट किया था। हमें बताया गया कि पोस्ट की गई तस्वीर से नाबालिग बलात्कार पीड़ता के परिजनों की पहचान उजागर हो रही है। हमने अपने नियमों और नीतियों के तहत इसकी समीक्षा की। यह भारत के कानून के भी खिलाफ था। इसके बाद हमने इन अकाउंट्स पर कार्रवाई की।
ट्विटर के प्रवक्ता ने कहा, ‘जैसा कि हमारे सहायता केंद्र में बताया गया है कि अगर कोई ट्वीट ट्विटर नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है और उसे पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने अभी तक ट्वीट को हटाया नहीं है, तो हम इसे एक नोटिस के तहत हाइड कर देते हैं और ट्वीट को हटाए जाने तक अकाउंट लॉक रहता है।

