कर्नाटक : मुख्यमंत्री सिद्धारमैया बोले- हम पांडव, भाजपा है कौरव
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के करीब आते ही वाक युद्ध तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भाजपा को एक बार फिर से निशाना बनाया है। उन्होंने खुद को पांडव और राज्य के विपक्षी दल को कौरव करार दिया है। सीएम ने कहा कि वह सही रास्ते पर चल रहे हैं, जबकि भाजपा गलत रास्तों पर है। उनके मुताबिक, विधानसभा चुनाव दो व्यक्तियों नहीं बल्कि दो विचारधाराओं के बीच है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने चुनाव को युद्ध जैसा बताया है।
कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। बीएस येद्दयुरप्पा के नेतृत्व में भाजपा जहां सत्ता में वापसी करने की कोशिश में जुटी है, वहीं कांग्रेस सत्ता में बने रहने के लिए प्रयास कर रही है। कांग्रेस हाईकमान ने इसके लिए विशेष तौर पर एम. वीरप्पा मोइली को कर्नाटक भेजा है। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी खुद भी सक्रिय हैं। वह 10 फरवरी से अपने चुनावी अभियान के पहले चरण की शुरुआत करने वाले हैं।
कर्नाटक में मार्च-अप्रैल में 225 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने फिलहाल तिथि की घोषणा नहीं की है, लेकिन राज्य में चुनावी माहौल गरमाने लगा है। कांग्रेस वर्ष 2013 में भाजपा को हरा कर सत्ता में आई थी। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्नाटक के दौरे पर गए थे।
उन्होंने हिंदुत्व का मुद्दा छेड़ दिया था। योगी ने कर्नाटक के सीएम के हिंदुत्व पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि सिद्धारमैया का हिंदू होना ठीक वैसा ही है जैसा गुजरात विधानसभा चुनावों के वक्त कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का मंदिरों में जाना था। इसके बाद कर्नाटक के सीएम ने खुद को 100 प्रतिशत हिंदू बताया था। साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को सुशासन का पाठ भी पढ़ाया था। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच पहले से ही जारी जुबानी जंग और तेज हो गई है। वर्तमान में कर्नाटक और पंजाब, दो ही ऐसे बड़े राज्य हैं जहां कांग्रेस की सरकार है।

