कटनी में पॉजिटिव कांग्रेस नेता की पत्नी व बेटे को मेडिकल भेजा, 19 लोगों की रिपोर्ट आज रात या कल आएगी

कटनी। मिशन चौक निवासी कांग्रेस नेता फिरोज अहमद के परिवार के चार लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आने के बाद जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है।

रिपोर्ट आने के बाद चारों लोगों को जिला चिकित्सालय के कोविड-19 सेंटर में उपचार के लिए भर्ती किया गया था, जहां से आज सुबह कांग्रेस नेता की पत्नी एवं बेटे को एमबुलेंस से जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

विदित हो कि कांग्रेस नेता के संक्रमित होने के बाद उनके परिवार के 25 लोगों सहित कुल 27 सेंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमे से 4 पॉजीटिव और 23 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

इसके अलावा कल इनकी कांटेक्ट हिस्ट्री के आधार पर एक दर्जन लोगों सहित कुल 19 सेंपल जांच के लिए आईसीएमआर जबलपुर भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आज रात या कल सुबह तक मिलने की संभावना है।

इसमे विजयराघवगढ़ क्षेत्र के 7 सेंपल शामिल हैं। पिछले ढाई महीने से ग्रीन में बने कटनी जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

पिछले 20 दिनों में यह आंकड़ा बढ़कर 8 हो गया है। 19 सेंपल की जांच रिपोर्ट पर भी काफी कुछ निर्भर कर रहा है। उधर दूसरी तरफ सेंपल लेने में स्वास्थ्य विभाग की भी लापरवाही सामने आ रही है।

जानकारी के मुताबिक संदिग्ध व्यक्तियों के सेंपल लेने में स्वास्थ्य विभाग अब रूचि नहीं दिखा रहा है। शहर और ग्रामीण अंचल क्षेत्रों से लगातार संदिग्ध लोगों की सूचनाएं सामने आ रही हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन लोगों के सेंपल नहीं लिए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता की हालत में मामूली सुधार
मिशन चौक निवासी कांग्रेस नेता फिरोज अहमद की हालत में मामूली सुधार हुआ है। शुक्रवार की शाम अचानक तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ़ट किया गया था।

यह खबर सामने आने के बाद शहर में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया, इसी बीच शनिवार की शाम उनकी हालत में मामूली सुधार होने की खबर आई, जिससे परिजनों के साथ ही उनके करीबियों ने राहत की सांस ली।

मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक फिरोज अहमद की हालत अब स्थिर है, हालांकि वेंटिलेटर लगा हुआ है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।

परिवार के चार लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव
कांग्रेस नेता के पॉजीटिव आने के बाद उनकी फर्स्ट कांटेक्ट हिस्ट्री के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के 25 लोगों सहित कुल 27 लोगों के से पल लेकर जांच के लिए आईसीएमआर जबलपुर भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट कल शाम को स्वास्थ्य विभाग को मिली।

रिपोर्ट में कांग्रेस नेता के परिवार के चार लोग पॉजीटिव पाए गए। जिसमे उनकी पत्नी, बेटा, भाई और भाई का बेटा शामिल है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने इन चारों लोगों को तत्काल जिला चिकित्सालय लाकर कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर दिया। बताया जाता है कि 23 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

कल जांच के लिए भेजे गए 19 सेंपल
सीएमएचओ डॉ. एस के निगम ने बताया कि कल शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने कुल 19 सेंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इनमे कांग्रेस नेता से जुड़े करीबियों के साथ ही अन्य लोग शामिल है।

सीएमओ ने बताया कि विजयराघवगढ़ क्षेत्र से एक भी व्यक्ति में कोरोना वायरस का संक्रमण पाए जाने पर उसका सेंपल लिया गया है। सेंपल की रिपोर्ट आज रात या कल कल सुबह तक मिलने की संभावना है।

जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग ने अब तक कुल 253 जांच के लिए भेजे हैं, जिनमे से 8 पॉजीटिव, 192 नेगेटिव, 31 रिजेक्ट और 19 सेंपल पेडिंग हैं।

Exit mobile version