katni

कटनी-नियम विरूद्ध अहाते आबाद

कटनी। नए वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से शराब दुकानों के अहाते बंद करने के राज्य सरकार के आदेश की कटनी जिले में खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शहर की एक दर्जन से अधिक शराब दुकानों में खुल्लम-खुल्ला अहाते संचालित किए जा रहे हैं लेकिन न तो जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही की जा रही है और न ही आबकारी विभाग द्वारा।

इन अहातो में शाम ढलते ही सुरा प्रेमियों की महफिलें सज जाती हैं। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने नए वित्तीय वर्ष यानि 1 अप्रैल से पूरे प्रदेश में शराब दुकानों के अहाते बंद किए जाने के आदेश जारी किए थे। नई आबकारी नीति की बात करें तो सरकार द्वारा शराब दुकानों के लाइसेंस के लिए नई कैटेगरी एफएल-2 बनाई गई है। यह केवल शराब दुकान चलाने वाले ठेकेदारों को ही दिया जाना था। 1 अप्रैल से लागू होने वाली नई नीति में बार और रेस्त्रां को दिया जाने वाला लाइसेंस एफएल-2 खत्म किए जाने का प्रस्ताव शामिल है। नए नियम के मुताबिक जिनके पास शराब दुकान का लाइसेंस नहीं है, ऐसे रेस्त्रां और बार में शराब नहीं परोसी जा सकेगी। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 12 नवंबर को रेडियो पर दिल की बात करते हुए शराब के अहातों को बंद करने की घोषणा की थी।

इन दुकानों में खुलेआम चल रहे अहाते
जानकारी के मुताबिक स्टेशन रोड स्थित शराब दुकान, सुभाष चौक, चांडक चौक, बरगवां, भट्ठा मोहल्ला, माधवनगर स्थित शराब दुकान सहित माधवनगर के होटल डर्बी, माधवनगर के आधा दर्जन ढाबों व एनएच 7 कुठला के ढाबों में खुलेआम अहातों का संचालन किया जा रहा है, जबकि राज्य सरकार द्वारा एक अप्रेल से अहातों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इन अहातों में बकायदा शाम ढलते ही सुरा प्रेमियों को शराब परोसी जा रही है। सरकार के इन निर्देशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं लेकिन इसके बावजूद जिले का आबकारी विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है। शिकायतों के मुताबिक आबकारी विभाग के कतिपय अधिकारियों के संरक्षण में ही शराब ठेकेदारों द्वारा दुकान के बाजू से अहाते संचालित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद अब तक कार्यवाही नहीं की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button