katni

कटनी जिले में 61 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध, 14 के निरस्त-जानिये किसके फार्म हुये अविधिमान्य

कटनी। विधानसभा निर्वाचन 2018 के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को कटनी जिले के सभी चारों विधानसभा क्षेत्रों में दाखिल अभ्यर्थियों के नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा के दौरान कुल 75 अभ्यर्थियों द्वारा दाखिल नामांकनों में से 61 प्रत्याशियों के नामांकन विधिमान्य होने से स्वीकृत किये गये हैं। वहीं 14 प्रत्याशियों के नाम-निर्देशन पत्र अविधिमान्य होने से निरस्त किये गय हैं।

नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा का कार्य विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफीसरों द्वारा प्रातः 11 बजे से अभ्यर्थियों एवं उनके प्रस्तावकों की उपस्थिति में प्रारंभ किया गया। संबंधित विधानसभा क्षेत्र बड़वारा के प्रेक्षक देवासिंह नेगी, विजयराघवगढ़ के प्रेक्षक के0 हर्षवर्धन, मुड़वारा के प्रेक्षक डॉ0 साकेत कुमार और बहोरीबंद के प्रेक्षक एम0जी0 अरदाद ने रिटर्निंग ऑफीसर कक्ष में उपस्थित रहकर नामांकन पत्रों की संवीक्षा कार्य का जायजा लिया।

रिटर्निंग ऑफीसरों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र में 11, बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में एक और बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र में 2 प्रत्याशियों के नामांकन अविधिमान्य पाये जाने पर निरस्त किये गये हैं। दाखिल नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सभी 17 अभ्यर्थियों के नामांकन विधिमान्य पाये जाने पर स्वीकृत किये गये हैं।
संवीक्षा के पश्चात मुड़वारा में 18, विजयराघवगढ़ में 17, बहोरीबंद में 15 और बड़वारा में 11 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाये गये हैं। नाम वापसी के लिये 14 नवंबर की अपरान्ह 3 बजे के पूर्व तक रिटर्निंग ऑफीसर के समक्ष उपस्थित होकर अभ्यर्थी या संबंधित अभ्यर्थी द्वारा अधिकृत प्रस्तावक के माध्यम से नामांकन वापस लिये जा सकेंगे।

इन उम्मीदवारों के नामांकन अविधिमान्य होने से हुये निरस्त
कटनी जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 14 उम्मीदवारों के नामांकन अविधिमान्य पाये जाने पर निरस्त किये गये हैं। जिनमें विजयराघवगढ़ विधानसभा से निरंक, बड़वारा विधानसभा से दुर्गा बाई, बहोरीबंद विधानसभा से राज बहादुर सिंह सोलंकी और सीताराम सिंह के नामांकन निरस्त हुये हैं। मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र से अरुण कनौजिया, रमाकांत पाठक, रुपचंद चेलानी, मोहम्मद सरफराज, राकेश कुमार शुक्ला, हारुन रसीद, विनय कुमार, श्यामलाल भूमिया, सुरेश पटेल, मन्जूषा गौतम और संतोष शुक्ला के नामांकन विधिमान्य नहीं पाये जाने पर निरस्त कर दिये गये हैं।

Leave a Reply

Back to top button