कटनी कोरोना अपडेट: मई में तीसरी बार 100 से कम केस, 830 सेम्पल की रिपोर्ट में 96 नए पॉजीटिव केस, 232 ने दी कोरोना को मात

कटनी(आशीष रैकवार) । जिले में कोरोना संक्रमण की दर आज 11 प्रतिशत के आसपास रही। पिछले कुछ दिनों से इसमे कमी देखने को मिल रही है। लॉकडाउन का एक महीना बीतने के बाद अब जिले में कोरोना संक्रमण का असर कुछ कम होता दिख रहा है।
जिले में 9 अपै्रल की शाम 6 बजे से लॉकडाउन लागू किया गया था, जिसे बढ़ाते हुए 17 मई की सुबह 6 बजे तक किया गया है। लॉकडाउन के दौरान केवल अत्यावश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।
लोग घरों में है, जिसके चलते संक्रमण की दर नीचे आ रही है। पिछले 24 घंटे में जिले में 830 सेम्पल की रिपोर्ट में 96 नए पॉजीटिव केस मिले है।
जिसमे मेडिकल कॉलेज जबलपुर से मिली 435 सेम्पल की रिपोर्ट में 65 और रेपिड एंटीजन टेस्ट की 397 सेम्पल की रिपोर्ट में 31 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस तरह आज जिले में संक्रमण की दर 11 प्रतिशत रही। मई के महीने में तीसरी बार 100 से कम पॉजीटिव केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। इसके पहले 9 मई को 97 और कल 12 मई को 69 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 8699 हो गई है।पिछले 24 घण्टों में 3 मौतें दर्ज की गई हैं।
शहर में रेपिड एंटीजन और ग्रामीण क्षेत्रों में आरटी-पीसीआर से हो रही जांच
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. समीर सिंघई ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में रेपिड एंटीजन किट और आरटी-पीसीआर दोनों की जांच की जा रही है। जिला चिकित्सालय में भर्ती होने वाले मरीजों के साथ ही जैन स्कूल स्थित कोविड जांच केन्द्र में आने वाले लोगों की रेपिड एंटीजन किट से जांच की जा रही है। इसके अलावा जिले के ग्रामीण अंचल क्षेत्रों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आरटी पीसीआर से जांच की जा रही है। डॉ. सिंघई ने बताया कि गांवों में संक्रमित व्यक्ति मिलने के बाद उस गांव में आरआरटी टीम भी पहुंच रही है और संक्रमित मरीजों के परिजनों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के सेम्पल ले रही है।
232 मरीजों ने दी कोरोना को मात
सीएमएचओ द्वारा जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन के अनुसान पिछले 24 घंटे में 232 मरीजों ने कोरोना संक्रमण को मात दी है।
इस तरह मई के महीने में 1614 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। जिले में अभी भी एक्टिव केस का आंकड़ा 1149 है। और 217 मरीजों को जिला चिकित्सालय एवं कोविड हॉस्पिटल में भर्ती करते हुए उपचार किया जा रहा है, जबकि 932 मरीज होम आईसोलेशन में है।








