Site icon Yashbharat.com

कटनी के सेंटपॉल स्कूल ने छात्रों का पहले रिजल्ट रोका, अब ऑनलाइन क्लास से किया वंचित

IMG 20210405 WA0010

कटनी। फीस जमा नहीं करने के कारण बच्चों का रिजल्ट रोकने और ऑनलाइन क्लास से वंचित किए जाने को लेकर अभिभावकों ने आज एक बार फिर सिविल लाइन स्थित सेंटपॉल स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया।

अभिभावकों का कहना था कि कोरोना संक्रमण के चलते अधिकांश अभिभावकों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो चुकी है, इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन द्वारा फीस जमा करने के लिए मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है।

जिससे अभिभावकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आज विरोध प्रदर्शन के दौरान स्कूल प्रबंधन ने अभिभावक कल्याण संघ के पदाधिकारियों एवं अभिभावकों को बातचीत के लिए बुलाया लेकिन बातचीत के दौरान अभिभावकों की समस्या का कोई हल नहीं निकला।

इसके बाद अभिभावकों की ओर से अभिभावक कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने स्कूल प्रबंधक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। जिसमे कहा गया है कि देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण काल शुरू हो गया है।

जिससे लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। रोजगार के साथ ही व्यापार ठप्प हो चुका है। ऐसी हालत में स्कूल प्रबंधन परेशान अभिभावकों पर फीस के लिए दबाव डाल रहा है। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से सवाल किया है कि बच्चों का रिजल्ट क्यों रोका गया है और उन्हें ऑनलाइन क्लास से क्यों वंचित किया गया है।

अभिभावक कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष रूपेश पहारिया एवं सचिव गौरव सूरी ने बताया कि राज्य सरकार और हाईकोर्ट द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए हैं कि फीस नहीं मिलने के कारण किसी भी बच्चे का रिजल्ट नहीं रोका जा सकता और उसे अगली कक्षा में प्रमोट करने से वंचित नहीं किया जा सकता है।

इसके बावजूद सेंटपॉल स्कूल प्रबंधन मनमानी पर उतारू है। अभिभावकों का कहना है कि यदि स्कूल प्रबंधन अपने रवैये पर अड़ा रहा तो इसके विरूद्ध जल्द ही एक बड़ा आंदोलन करने की तैयारी की जाएगी।

Exit mobile version