औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर, गुजरात से राज्य सभा जाएंगे
नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस जयशंकर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में सोमवार को औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल हो गए। अनुभवी राजनयिक और पूर्व विदेश सचिव जयशंकर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश मंत्री के तौर पर अपनी सरकार में शामिल किया है। उन्हें गत 30 मई को अन्य लोगों के साथ मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने उन्हें गुजरात से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। उन्हें शपथ लेने के छह महीने में संसद के किसी भी सदन का सदस्य बनना होगा। इसके अलावा गुजरात में राज्य सभा के लिए दूसरी सीट पर जुगलजी माथुरजी ठाकोर होंगे।
1977-बैच के विदेश सेवा के अधिकारी रहे जयशंकर विभिन्न महत्वपूर्ण देशों जैसे अमेरिका और चीन में राजदूत रह चुके हैं। वे जनवरी 2015 से जनवरी 2018 तक विदेश सचिव रहे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली सरकार की विदेश नीति को आकार देने में महती भूमिका निभाई थी।
जयशंकर ने ही सितंबर 2014 में प्रधानमंत्री मोदी की पहली अमेरिका यात्रा की योजना बनाई थी और उसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया था। इसी दौरान पीएम ने न्यूयार्क के मेडिसन स्क्वॉयर से भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया था।








