उमा भारती ने कमलनाथ सरकार में डीजीपी बनाए गए विवेक जौहरी की तारीफ

भोपाल. कमलनाथ सरकार में डीजीपी बनाए गए विवेक जौहरी की उमा भारती ने जमकर तारीफ की है। उमा ने कहा पुलिस अफसर ऐसा ही होना चाहिए। उन्होंने कुछ अफसरों को लापरवाह और आलसी बताया। कहा- चापलूसी और राजनीतिक दलों के परिवर्तन के साथ पक्षपात से बचें। उमा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से कहा कि वह मध्य प्रदेश को मॉडल स्टेट बनाकर दिखाएं।

प्रदेश में पुलिस विभाग में राजनीतिक दखल का मामला हो या फिर ड्यूटी में 29 आईपीएस अफसरों की लापरवाही। दोनों ही मामलों को पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने उजागर किया है। इसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने तारीफ की। उन्होंने ट्वीटर पर चार ट्वीट किए। इसमें कहा- डीजीपी विवेक जौहरी जैसा ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ, साहसी अधिकारी ही इस मुद्दे को उठाने की पात्रता रखता है। उमा भारती ने इन दोनों मामले में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और डीजीपी जौहरी से निर्णय लेने की बात कही है।
1.मध्य प्रदेश के डीजीपी श्री विवेक जौहरी का वह पत्र जो सार्वजनिक हुआ है उसमें जो तथ्य हैं वह एक सच्चाई है। श्री विवेक जौहरी जैसा ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ, साहसी अधिकारी ही इस मुद्दे को उठाने की पात्रता रखता है।
— Uma Bharti (@umasribharti) June 8, 2020
बड़े अफसर ज्यादा लापरवाह और आलसी
उमा भारती ने आगे लिखा कि मेरे पास 1990 से सरकारी सुरक्षा व्यवस्था रही है। इसलिए मैं स्वयं इसकी साक्षी हूं कि सामान्य श्रेणी के पुलिसकर्मी और अधिकारी अपने कर्तव्य के प्रति जितने जागरूक, परिश्रमी होते हैं, उनकी तुलना में उच्च श्रेणी के पुलिस अधिकारी आलसी, लापरवाह होने लगते हैं। इसमें कुछ अपवाद भी होते हैं, जो उच्च पदों पर रहकर भी उतने ही सतर्क परिश्रमी रहते हैं। जितने वो अपने सर्विस काल की शुरुआत में थे। विवेक जौहरी इसके उदाहरण हैं।
ट्वीट कर कहा मॉडल स्टेट बनाएं
उमा ने लिखा मैं विवेक जौहरी का समर्थन करते हुए शिवराजजी, नरोत्तमजी और विवेक जौहरी को आह्वान करती हूं कि मध्य प्रदेश को कानून-व्यवस्था के मसले में मॉडल स्टेट बनाकर दिखाएं। उन्होंने ट्वीट को सीएम शिवराज सिंह चौहान, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, बीजेपी इंडिया और मध्य प्रदेश भाजपा को टैग किया है।








