मध्यप्रदेश

उज्‍जैन में व‍िधायकों को CM शिवराज की दो टूक: PA से सावधान और बिचौलियों से दूर रहें

उज्जैन । प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन के आखिरी सत्र में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने विधायकों को सीख दी कि वे अपने दामन में लगने वाले दागों से किस तरह बचें। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक जरूरत अपने निज सहायक (पीए) से सतर्क रहने की है। ये चाय से गर्म केतली वाली कहावत की तर्ज पर आम जनता और कार्यकर्ताओं के बीच आपकी छवि बिगाड़ते हैं। इनके लिए भी एक प्रशिक्षण वर्ग चलाया जाएगा। सभी विधायक पीए की नियुक्ति करते समय भी ध्यान दें कि वे ईमानदार छवि के हों

चौहान ने कहा कि आपके ईर्द-गिर्द जो बिचौलिए घूूमते हैं, इनके आभा मंडल में फंसने की जरूरत नहीं है। ये आपकी पद-प्रतिष्ठा के कारण आते हैं और जो इनके चंगुल में फंस जाता है, वो चुनाव हार जाता है। अंतिम सत्र में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव भी शामिल हुए।

 

घर-घर तक पहुंचाएं सरकार के कार्य

मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि हमारी सरकार ने आठ दस महीने में जो हमने काम किए हैं, इन्हें आम जनता के पास ले जाएं। हमने लव जिहाद रोकने के लिए ठोस कानून बनाए हैं। अब हम ऐसा कानून लेकर आ रहे हैं, जिससे लोगों के घर से पत्थर निकाले जाएंगे। पथराव करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाएंगे। हमारी सरकार अब तक चार हजार गुमशुदा बच्चियों की घर वापसी करा चुकी है। सरकार ने माफिया के खिलाफ जो अभियान चला रखा है, उसमें सैकड़ों करोड़ रुपये की संपत्ति राजसात की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉल सबके रीसिव करें, मगर इसका समय निश्चित कर लें। कब किससे मिलना है, यह भी तय करें। समय प्रबंधन सीखें। अपनी सेहत का ध्यान रखें। सीएम ने घोषणा की कि विधानसभा के बजट सत्र के बाद वे सभी विधायकों और उनके स्वजनों के साथ चार दिन छुट्टी मनाने जाएंगे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम