भोपाल: कोलार क्षेत्र में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई; 51 किलोवॉट का अवैध लोड मिलने पर 7.52 लाख का जुर्माना
भोपाल: कोलार क्षेत्र में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई; 51 किलोवॉट का अवैध लोड मिलने पर 7.52 लाख का जुर्माना
भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की विजिलेंस टीम ने कोलार रोड क्षेत्र के इनायतपुर (बैरागढ़ चिचली) गांव में बड़े पैमाने पर हो रही बिजली चोरी को पकड़ा है। शहर वृत्त के महाप्रबंधक श्री प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि उपभोक्ता श्री इकबाल खान के परिसर के औचक निरीक्षण के दौरान वैध सीमा से अधिक, कुल 51.17 किलोवॉट (KW) का भार अवैध रूप से संचालित पाया गया। टीम ने तुरंत बिजली चोरी का केस दर्ज कर उपभोक्ता पर लगभग 7.52 लाख रुपये का जुर्माना लगाया, जिसे उपभोक्ता द्वारा जमा करा दिया गया है।
विद्युत कंपनी की सख्त अपील:
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन लेने का आग्रह करते हुए कंपनी ने चेतावनी दी है कि अनधिकृत उपयोग पाए जाने पर भारी जुर्माने के साथ-साथ कोर्ट केस और जेल भेजने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई उपभोक्ता कमर्शियल गतिविधि या उच्च क्षमता के उपकरण (जैसे कोल्ड स्टोरेज, ई-व्हीकल चार्जर) का उपयोग कर रहा है, तो वे नियमानुसार लोड स्वीकृत कराएं।

