
नई दिल्ली। देश का ई-कॉमर्स बिजनेस तेज गति से ग्रोथ कर रहा है. इंटरनेट मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट इसकी तस्दीक करती है. रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2017 के अंत तक देश के 50 करोड़ लोगों की ई-कॉमर्स तक पहुंच हो जाएगी. वहीं, साल 2018 तक भारत में ई-कॉमर्स सेल्स 55 बिलियन डॉलर ( करीब 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपए) तक पहुंचने की उम्मीद है. इन आंकड़ों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि ई-कॉमर्स में कारोबार के कितने बड़े मौके हैं. इन सभी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने भी इस ओर नई पहल की है. ऐसे में स्मार्ट ई-कॉमर्स प्रोफेशनल बनकर आप अच्छा-खासा बिजनेस कर सकते हैं.
सरकार ने भी एक ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया है. देश में ई-कॉमर्स प्रोफेशनल्स की संख्या बढ़ाने के लिए यह प्रोग्राम शुरू किया गया है. सरकार ने इसकी जिम्मेवारी मिनिस्ट्री ऑफ स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप संस्थान- नेशनल इंस्टिट्यूट फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्मॉल बिजनेस डेवलपमेंट (निसबड) को सौंपी है, जिसने डिजिटल एंड सोशल मीडिया रिसर्च एसोसिएट्स के साथ मिलकर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम ऑन ई-कॉमर्स तैयार किया है. आइए जानते हैं, यह प्रोग्राम क्या है और आप इस प्रोग्राम के माध्यम से कैसे अपना ई-कॉमर्स कारोबार शुरू कर सकते हैं.
क्या है नई स्कीम: प्रोग्राम के दौरान फैकल्टी आपको बताएंगे कि आप कैसे अपना ई-कॉमर्स बिजनेस शुरू कर सकते हैं. इसके अलावा ई-कॉमर्स बिजनेस मॉडल, फेसबुक ई-कॉमर्स टैक्निक, फेसबुक बिजनेस मैनेजर, ट्विटर ई-कॉमर्स टेक्निक, ई-कॉमर्स के लिए यूट्यूब का इस्तेमाल, एफिलिएट मार्केटिंग के माध्यम से कमाना, वाट्स-एप मार्केटिंग, बी2बी लिंकडिन नेटवर्किंग टिप्स एंड ट्रिक्स, वायरल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स से सोशल मीडिया मार्केटिंग से लिंक करना, गूगल एडवर्ड, ई-कॉमर्स बिजनेस के लिए ईमेल मार्केटिंग और बिजनेस इनक्यूबेटर्स एप्लिकेशन के बारे में सिखाया जाएगा.
फंडिंग के लिए भी मदद करेगी सरकार
कोई भी बिजनेस शुरू में सबसे बड़ी दिक्कत फंडिंग की होती है. लेकिन इस प्रोग्राम के तहत आप फंडिंग के गुर भी सीख सकते हैं. आप ई-कॉमर्स फंडिंग मॉडल के विस्तार से ट्रेनिंग ले सकते हैं. इस दौरान आपको ई-कॉमर्स में एंजल इन्वेस्टर्स, वेंचर कैपिटल, प्राइवेट इक्विटी की भूमिका की जानकारी दी जाएगी. साथ ही, ऑनलाइन क्राउड फंडिंग के हर पहलू की जानकारी दी जाएगी, जैसे – सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन क्राउड फंडिंग, ऑनलाइन क्राउड फंडिंग वेबसाइट के माध्यम से कमाना, ऑनलाइन क्राउड फंडिंग सीक्रेट्स, ऑनलाइन क्राउड फंडिंग से लाखों रुपए का फंड की उगाही करना, क्राउड फंडिंग से अपना सोशल एंटरप्राइज शुरू करना जैसी ट्रेनिंग दी जाएगी.








