jabalpur
आग लगने से अस्पताल में छाया धुंआ, मरीजों में मची भगदड़
जबलपुर। नेपियर टाउन स्थित मार्बल सिटी अस्पताल में शुक्रवार शाम को एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई. आग लगने से अस्पताल में हड़कंप मच गया.

मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में मार्बल सिटी अस्पताल में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई. देखते ही देखते अस्पताल में लगी आग ने विकराल रुप ले लिया. दूसरी मंजिल में लगी आग को देखकर मरीज और उनके परिजनों में भगदड़ मच गई. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया.
जानकारी के अनुसार, नेपियर टाउन स्थित मार्बल सिटी अस्पताल में शुक्रवार शाम को एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई. आग लगने से अस्पताल में हड़कंप मच गया. दूसरी मंजिल के बच्चा वार्ड और जनरल वार्ड के पास लगी आग के पास मौजूद कर्मचारियों ने मरीज को बाहर निकालकर वार्ड को खाली कराया. इसके बाद अस्पताल कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे.
घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई. दूसरी मंजिल में लगी को फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने बुझा दिया है. घटना में कोई जनहानि तो नहीं हुई लेकिन लाखों रुपए का नुकसान हो गया. वहीं घटना के बाद मरीजों को दूसरे वार्डो में शिफ्ट किया गया. मरीज के परिजन अस्पताल परिसर में ही खड़े रहे. आगजनी की घटना से अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा.








