अमित शाह से सवाल, चेहरा वसुंधरा राजे का है या कमल के फूल का- गहलोत
न्यूज डेस्क। कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने सीएम वसुंधरा राजे को लेकर कहा कि बीजेपी वसुंधरा राजे की जगह अब कमल के फूल पर वोट मांग रही है.
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 की रणभेरी में सोमवार को कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने सीएम वसुंधरा राजे पर निशाना साधा. गहलोत ने सीएम राजे को लेकर कहा कि बीजेपी वसुंधरा राजे की जगह अब कमल के फूल पर वोट मांग रही है.
गहलोत ने सीएम वसुंधरा पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में बजरी माफिया बेखौफ है, ऊपर तक हिस्सा पहुंचता है, किसानों को उपज का पूरा मूल्य नहीं मिल रहा, सीएम 15 लाख रोजगार के वादे पर जवाब दें.
अशोक गहलोत ने कर्मचारी हड़ताल पर सरकार को घेरा और कहा कि ऐसा नजारा पहली बार देखा कि सभी कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हैं और सीएम वसुंधरा आचार संहिता लगने का इंतजार करती रहीं. गहलोत ने बीजेपी में सीएम चेहरे पर भी सवाल उठाए. गहलोत ने कहा अमित शाह यह स्पष्ट करें कि राजस्थान में उरनका चेहरा वसुंधरा राजे है या कमल का फूल. पहले वसुंधरा राजे का चेहरा आगे किया अब कह रहे हैं कमल के फूल को देखें.
गहलोत ने कांग्रेस में सीएम चेहरे को लेकर किए सवाल पर भी बयान दिया, जब गहलोत से यह पूछा गया कि कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट पर कौन है? तो गहलोत ने जवाब दिया, अभी गेम शुरू नहीं हुआ है, जब गेम शुरू होगा तब पत लगेगा कि हॉट सीट पर कौन है.
अशोक गहलोत ने आचार संहिता के उल्लंधन का आरोप लगाते हुए भामाशाह स्लिप, राशन कार्ड और पोस मशीन की स्लिप से कमल का फूल हटाने की मांग की. गहलोत ने कांग्रेस की सरकार बनने पर बीजेपी सरकार पर लगे आरोपों का पूरा ब्यौरा जनता के सामने रखने की भी बात कही. इससे पहले गहलोत भ्रष्टाचार के मामलों की जांच पर भी बयान दे चुके हैं.