Monday, April 20, 2026
Latest:
Latest

Rajasthan: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तबीयत खराब, आराम की सलाह  

जयपुर। Ashok Gehlot: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तबीयत बिगड़ गई है। अशोक गहलोत को बुखार की शिकायत बताई जा रही है। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के बाद सीएम गहलोत को आराम करने की सलाह दी है। चिकित्सक सीएम के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। कोरोना जांच के लिए गहलोत का सैंपल भी लिया गया है। वहीं, राज्य सरकार के मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी की तबीयत भी खराब बताई जा रही है। तेज बुखार के कारण चिकित्सकों ने डॉ. जोशी को भी आराम करने की सलाह दी है। इधर, भाजपा विधायक पब्बाराम विश्नोई कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। विश्नोई ने कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखाई देने के बाद रविवार को अपनी जांच करवाई थी।

सोमवार को आई रिपोर्ट में वे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। पब्बाराम ने हाल ही में शुक्रवार को विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ से मुलाकात की थी। इधर, राजस्थान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश इंद्रजीत महंती की शनिवार को हुई कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उनका कन्फर्मेशन टेस्ट किया गया, जो नेगेटिव आया है। हाई कोर्ट की जयपुर बेंच एहतियातन तीन दिन बंद रहेगी। उल्लेखनीय है कि मुख्य न्यायाधीश ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के कार्यक्रम में शिरकत की थी। उस कार्यक्रम में मौजूद अन्य न्यायाधीशों और वकीलों की हाई कोर्ट में कैंप लगाकर कोरोना जांच की जाएगी।

राजस्थान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश इंद्रजीत महंती 15 अगस्त को कोरोना संक्रमित हो गए थे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है। गहलोत ने ट्वीट किया कि जैसे ही उन्हें इंद्रजीत महंती के कोरोना संक्रमित होने की खबर मिली तो उन्हें उनकी तबीयत की चिंता हुई। वे भगवान से प्रार्थना करते हैं कि जल्द से जल्द उनकी तबीयत में सुधार हो।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम