Site icon Yashbharat.com

अमित शाह ने कहा: BJP ने किया विकास और झूठ का ATM बनी कांग्रेस

amit shah 3

भोपाल: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को विंध्य क्षेत्र के सतना, सीधी, रीवा और उमरिया जिले में रोड शो और आम सभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उमरिया की सभा में कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए शाह ने कहा- कांग्रेस एक राजा, एक महाराजा और एक थके हुए उद्योगपति के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस पर वंशवाद का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा- यह एक परिवार की प्राइवेट लिमिटेड पार्टी बनकर रह गई है।

प्रदेश सरकार के विकास के आंकड़े गिनाते हुए शाह ने कहा- कांग्रेस पार्टी झूठ का एटीएम बनकर रह गई है, जबकि भाजपा विकास का एटीएम है। दूसरे नेताओं की तरह अमित शाह भी दिग्विजय सिंह के राज की याद दिलाना नहीं भूले।

शाह ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक प्रजातंत्र नहीं है। उन्होंने कहा- पीवी नरसिम्हा राव के निधन के बाद कांग्रेस ने शोक सभा तक नहीं की। सीताराम केसरी जैसे बुजुर्ग नेताओं को धक्के मार कर निकाला। सिंगरौली चुरहट और रीवा के देवतालाब में संभा के बाद शाह ने मैहर में रोड शो भी किया। रास्ते में महिलाओं ने फूल बरसा कर उनका स्वागत किया।

मोदी ने बढ़ाया है देश का मान
शाह ने कहा- दुनिया में देश का मान बढ़ाने का काम मोदी ने किया है। शाह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की तमाम योजनाओं का जिक्र करते दावे के साथ कहा कि 2019 में केंद्र में फिर से भाजपा की सरकार बनाएंगे। शाह ने सिंगरौली, चुरहट, उमरिया, देवतालाब और मैहर में सभाएं व रोड शो कर विंध्य की 16 विधानसभाओं को साधा।

बता दें कि, भाजपा की तरफ से दिग्विजय सिंह पर नक्सल से जुड़े होने का आरोप लगाया गया था। कांग्रेस नेता ने बीजेपी के इस आरोप पर तुरंत कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि, अगर बीजेपी मुझ पर नक्सली होने के आरोप लगा रही है तो सरकार मुझे गिरफ्तार क्यों नहीं करती?

Exit mobile version