अब तक 2 हजार 536 मामले: वर्ल्ड बैंक ने भारत को 7600 करोड़ रु. के इमरजेंसी फंड को मंजूरी दी

नई दिल्ली. कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई में वर्ल्ड बैंक ने भारत को 1 बिलियन डॉलर (करीब 7600 करोड़) की आपात मदद को मंजूरी दी है। इस फंड के जरिए कोविड-19 के मरीजों की बेहतर स्क्रीनिंग, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और डायग्नोस्टिक्स में मदद मिलेगी। साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की खरीदी और आइसोलेशन वार्ड बनाने में भी सुविधा होगी। इधर, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 हजार 536 हो गई। इनमें से 189 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 72 की जान चली गई। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 हजार 69 है। इनमें से 1 हजार 860 का इलाज चल रहा है। 155 ठीक हो चुके हैं और 53 लोगों की मौत हो चुकी है।
इधर, स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा- अलग-अलग राज्यों में संपर्कों की पड़ताल के बाद हमें 400 ऐसे संक्रमित मिले हैं, जो निजामुद्दीन मरकज और तब्लीगी जमात के केंद्र से संबंधित हैं। गृह मंत्रालय ने तब्लीगी जमात में शामिल होने पहुंचे 906 विदेशियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इनका वीजा भी निरस्त कर दिया गया है। इन लोगों पर फॉरेनर्स एक्ट 1946 और आपदा प्रबंधन एक्ट 2005 के तहत कार्रवाई भी की जाएगी। गृह मंत्रालय ने दिल्ली समेत दूसरे राज्यों को इन विदेशियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा है।
जमात से जुड़े लोग देश भर में फैल चुके हैं
स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने गुरुवार को कहा- मरकज से संबंधित सबसे ज्यादा 173 मामले तमिलनाडु में सामने आए हैं। आंध्र प्रदेश में 67, दिल्ली में 47, तेलंगाना में 33, कश्मीर में 22, असम में 16, राजस्थान में 11, अंडमान-निकोबार में 9 और पुडुचेरी में 2 संक्रमित मिले हैं। अभी अतिरिक्त टेस्टिंग की जा रही है और मामले बढ़ने की आशंका है। इधर, गुरुवार को कोरोना ने अरुणाचल प्रदेश में भी दस्तक दे दी। यहां संक्रमण का पहला सामने आया। अब देश के 26 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण फैल चुका है।
अस्पताल में भर्ती जमातियों से स्टाफ को खतरा
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से निकाले गई जमातियों पर लगातार बदसलूकी के आरोप लग रहे हैं। दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश नारायण हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. जेसी पासे ने बताया है कि तब्लीगी जमात में शामिल 188 लोग उनके यहां भर्ती हैं। इनमें से 24 की रिपार्ट आ चुकी है और 23 में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। कई जमाती टेस्ट कराने से मना कर रहे हैं। उनसे स्टाफ को खतरा था। ऐसे में जिन तीन ब्लॉक में जमातियों को रखा गया है, वहां पुलिस तैनात कर दी गई है।
26 राज्यों में और चार केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा कोरोना
| राज्य | कितने संक्रमित | कितनी मौत | कितने ठीक हुए |
| महाराष्ट्र | 423 | 21 | 42 |
| केरल | 286 | 2 | 28 |
| तमिलनाडु | 309 | 1 | 6 |
| दिल्ली | 293 | 4 | 6 |
| तेलंगाना | 154 | 9 | 17 |
| राजस्थान | 133 | 2 | 3 |
| उत्तरप्रदेश | 121 | 2 | 17 |
| कर्नाटक | 124 | 3 | 11 |
| आंध्रप्रदेश | 149 | 0 | 2 |
| मध्यप्रदेश | 107 | 8 | 0 |
| गुजरात | 87 | 7 | 10 |
| जम्मू-कश्मीर | 70 | 2 | 3 |
| पंजाब | 47 | 5 | 1 |
| हरियाणा | 49 | 0 | 27 |
| प.बंगाल | 53 | 6 | 3 |
| बिहार | 29 | 1 | 3 |
| चंडीगढ़ | 18 | 0 | 0 |
| लद्दाख | 13 | 0 | 3 |
| असम | 16 | 0 | 0 |
| अंडमान-निकोबार | 10 | 0 | 3 |
| छत्तीसगढ़ | 9 | 0 | 3 |
| उत्तराखंड | 10 | 0 | 2 |
| गोवा | 5 | 0 | 0 |
| ओडिशा | 5 | 0 | 1 |
| हिमाचल प्रदेश | 6 | 1 | 1 |
| पुडुचेरी | 3 | 0 | 0 |
| मणिपुर | 2 | 0 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
| झारखंड | 2 | 0 | 0 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |







