अब अजय सिंह ने मां को कोठी में साथ रखने के लिए रखी ऐसी शर्त!
भोपाल । केरवा कोठी मामले में गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह न्यायिक मजिस्ट्रेट गौरव प्रज्ञानन की कोर्ट में हाजिर हुए। सिंह ने अदालत से कहा कि वह चाहते हैं कि उनकी मां सरोज सिंह उनके साथ केरवा कोठी में रहें।
उन्होंने यह शर्त भी रखी है कि अवांछित व्यक्ति घर न आएं। उन्होंने बताया कि उनकी मां को भूलने की बीमारी है। परिवार के बाहरी लोगों के बहकावे में आकर उन्होंने अदालत में घरेलू हिंसा की याचिका लगाई है।
सिंह ने कोर्ट से कहा कि उनकी मां केरवा कोठी में उनके साथ रहती हैं तो उन्हें कोई दिक्कत नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मां भोपाल अथवा किसी अन्य शहर में रहना चाहती हैं तो जो भी किराया देय होगा, वह अदा करने को तैयार हैं। सिंह ने सत्र न्यायालय में पुनरीक्षण याचिका भी लगाई है। इसमें कहा है कि याचिका पर सुनवाई पूर्ण होने तक निचली कोर्ट में मामले की सुनवाई को स्थगित रखा जाए। कोर्ट ने मामले की सुनवाई 7 अगस्त को नियत की है।

