Monday, May 18, 2026
Latest:
Latestमध्यप्रदेश

अंध विश्वास के चलते करंट से किशोर की मौत पर गीली मिट्टी में दबाया शव

बदनावर।  कानवन थाने के ग्राम छनगारा के एक किशोर को बिजली का करंट लगने के बाद बदनावर अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। इस बीच अस्पताल में स्वजनों को किसी ने सलाह दी कि उसे जिंदा करने के लिए गीली मिट्टी में कुछ देर दबाकर रखा जाए। इस पर स्वजन शव को अस्पताल से कुछ दूर पुलिस थाने के सामने छोटे तालाब के किनारे ले गए तथा गीली मिट्टी में लिटा दिया। ऊपर से भी गीली मिट्टी डालकर दबा दिया।

इस घटना का पता चलने पर दोपहर से शाम करीब 5 घंटे तक बड़ी संख्या में लोग मौके पर देखने के लिए पहुंचते रहे। शाम को जब टीआइ सीबी सिंह पुलिसकर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे तथा स्वजनों को समझाइश दी, तब वे माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए बदनावर अस्पताल लाया गया। मृतक का बुधवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा।

दिनेश उर्फ गौरव पुत्र दुलेसिंह निवासी ग्राम छनगारा ट्रैक्टर ट्रॉली में मटर की कट्टी लेकर बिक्री के लिए बदनावर सब्जी मंडी आ रहा था। तभी कनवासा रोड पर नीचे झूल रहे बिजली के तारों की चपेट में आ गया। उसे यहां अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम