इंटर स्कूल अंडर-19 शतरंज टूर्नामेंट में युवराज जायसवाल ने मारी बाजी,160 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, 35 बालक और 26 बालिकाएं सम्मानित

इंटर स्कूल अंडर-19 शतरंज टूर्नामेंट में युवराज जायसवाल ने मारी बाजी,160 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, 35 बालक और 26 बालिकाएं सम्मानि
कटनी। स्वर्गीय सुधीर कुमार पुरवार ‘मानिक लाल’ पुरवार मेमोरियल स्पोर्ट्स ट्रेनिंग एवं वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान तथा सावित्री विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल के सहयोग से दो दिवसीय इंटर स्कूल अंडर-19 शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन 12 एवं 13 सितंबर को सावित्री विद्यापीठ परिसर में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के प्रमुख विद्यालयों के करीब 160 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर सत्य दर्शन मिश्रा एवं मेमोरियल समिति के संरक्षक सदस्य ईश्वर दास पुरवार ने किया। टूर्नामेंट का आयोजन समिति के अध्यक्ष किशोर कुमार पुरवार, सचिव प्रदीप कुमार पुरवार सहित संदीप पुरवार, वीरेंद्र ताम्रकार एवं अन्य सदस्यों के सहयोग से किया गया।
प्रतियोगिता में बार्ड्सले इंग्लिश मीडियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सावित्री विद्यापीठ, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एनकेजे, शिकागो हायर सेकेंडरी स्कूल, विद्यायतन स्कूल बाकल, दिल्ली पब्लिक स्कूल तथा जेपीवी डीएवी स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन के लिए सागर से सुश्री हनी पूजा गुप्ता सहित पांच आर्बिटर आमंत्रित किए गए। मुख्य आर्बिटर शुभम पारित के नेतृत्व में प्रतियोगिता संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में युवराज जायसवाल ने प्रथम, कौटिल्य शर्मा ने द्वितीय तथा आर्यन पुरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
13 सितंबर को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने की। मुख्य अतिथि ब्लॉक संसाधन केंद्र अधिकारी मनोज गौतम रहे। विशिष्ट अतिथियों में ईश्वर दास पुरवार, मोहन नागवानी, शिकागो पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर रीता विश्वकर्मा, सावित्री विद्यापीठ के प्रिंसिपल सत्य दर्शन मिश्रा, डायरेक्टर अकेला जैन एवं अलका पुरवार उपस्थित रहीं।
समिति की ओर से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 35 बालक एवं 26 बालिकाओं को कुल 25 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में शतरंज खेल को बढ़ावा देना तथा युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान करना है।








