World Cup: सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने ‘चोकर्स’ अफ्रीका का तोड़ा सपना, अब भारत से होगा वर्ल्ड कप फाइनल, Bharat Vs Australia ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में जगह बना ली है. कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स के मैदान पर बुधवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में कंगारू टीम ने साउथ अफ्रीका को मात दे दी है. साउथ अफ्रीका ने एक बार फिर वर्ल्ड कप सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर आकर ‘चोकर्स’ के ठप्पे के अनुसार खेल दिखाया है.
World Cup 2023: ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में जगह बना ली है. कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स के मैदान पर बुधवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में कंगारू टीम ने साउथ अफ्रीका को 3 विकेट से मात दे दी है. साउथ अफ्रीका ने एक बार फिर वर्ल्ड कप सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर आकर ‘चोकर्स’ के ठप्पे के अनुसार खेल दिखाया है. अब वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना भारत से होगा.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड कप फाइनल
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला रविवार 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. ऑस्ट्रेलिया की टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल में कमाल का खेल दिखाया है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम ने 49.4 ओवर में 212 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 213 रनों का टारगेट रखा. साउथ अफ्रीका के लिए विस्फोटक बल्लेबाज डेविड मिलर ने 116 गेंदों में 101 रनों की पारी खेली.
दबाव में बिखर गई साउथ अफ्रीका की टीम
डेविड मिलर के अलावा हेनरिक क्लासेन ने 48 गेंदों पर 47 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट झटके. जोश हेजलवुड और ट्रेविस हेड ने 2-2 विकेट हासिल किए. साउथ अफ्रीका की टीम दबाव में बिखर गई और वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही. लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 47.2 ओवर में 215 रन बनाकर ये मैच जीत लिया और फाइनल का टिकट कटा लिया.
मिलर के शतक के दम पर साउथ अफ्रीका ने बनाए 212 रन
डेविड मिलर की दबाव भरी परिस्थितियों में खेली गई 101 रनों की पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 213 रनों का लक्ष्य दिया. साउथ अफ्रीका ने फिर ‘चोकर्स’ के ठप्पे के अनुसार खेल दिखाया जब उसके टॉप ऑर्डर के चार बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक (03), तेम्बा बावुमा (0), रासी वान डर डुसेन (06) और ऐडन मार्कराम (10) 12 ओवर में पवेलियन पहुंच गए, जिससे उसका स्कोर चार विकेट पर 24 रन था.
साउथ अफ्रीका ने फिर ‘चोकर्स’ जैसा खेल दिखाया
मिचेल स्टार्क (10-1-34-3) और जोश हेजलवुड (8-3-12-2) ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर शुरुआती विकेट झटके. फिर बारिश की बाधा के कारण 40 मिनट के ब्रेक हुआ, तब दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 14 ओवर में चार विकेट पर 44 रन था. पर इसके बाद मिलर ने 116 गेंद में आठ चौके और पांच छक्के से छठा वनडे शतक जड़ दिया. यह दक्षिण अफ्रीका का वर्ल्ड कप नॉकआउट मैच में पहला शतक भी था.
टर्निंग पिच पर मिलर ने दिखाया दम
टर्निंग पिच पर मिलर को कोई परेशानी नहीं हुई और वह एडम जम्पा की गेंदों पर हावी दिख रहे थे, जिससे इस ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने अपने सात ओवर में 55 रन लुटा दिए. पैट कमिंस पर स्कायर लेग पर 94 मीटर का छक्का जड़कर मिलर ने अपना सैकड़ा पूरा किया. मिलर की हेनरिक क्लासेन (47 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी से दक्षिण अफ्रीका को थोड़ी राहत मिली, लेकिन फिर कामचलाऊ ऑफ स्पिनर ट्रेविस हेडन ने दो गेंद में दो विकेट झटककर उसकी उम्मीदों को करारा झटका दिया.
सातवें विकेट के लिए 53 रन की हुई पार्टनरशिप
क्लासेन के बाद जेराल्ड कोएत्जी (19) ने मिलर का साथ दिया, जिससे दोनों ने सातवें विकेट के लिए 53 रन की भागीदारी निभाई. लेकिन कमिंस की गेंद पर कोएत्जी विकेटकीपर जोश इंगलिस को कैच थमा बैठे. हालांकि रिप्ले में दिख रहा था कि गेंद उनकी कोहनी पर लगी थी, लेकिन उन्होंने रिव्यू नहीं लिया. फिर मिलर भी 48वें ओवर में आउट हो गए. दक्षिण अफ्रीका ने दो मैच लक्ष्य का पीछा करते हुए गंवाए थे, जिससे कप्तान तेम्बा बावूमा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया.
मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड ने मचाया कहर
ऑस्ट्रेलिया के लिए नई गेंद से गेंदबाजी करने वाले मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पावरप्ले में दक्षिण अफ्रीका के 17 रन पर दो विकेट झटक लिए. पिच पर स्विंग और उछाल मिल रहा था, जिससे दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज स्टार्क और हेजलवुड की गेंदों से सतर्क होकर खेल रहे थे, जिससे उन्होंने पहले 10 ओवर में 50 ‘डॉट’ गेंद खेलीं.
