
कटनी। मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय है। कटनी की बात करें तो बीती रात बारिश ने पूरे जिले को तरबतर कर दिया सुबह जब लोग सो कर उठे तो कई स्थानों पर जलभराव दिखा। देर रात करीब 2 बजे से बारिश हुई यह सिलसिला आज भी जारी हो सकता है हालांकि कटनी जिले में सुबह से हल्की बारिश लगातार जारी है।
आइये जानते है अन्य राज्यों का हाल
गुजरात और उत्तर प्रदेश में बाढ़ के बाद हालत खराब हो गए हैं। गुजरात में नदियां उफान पर है। वहीं, उत्तर प्रदेश में बाढ़ के कारण कई लोगों की मौत का मामला सामने आया है। इधर, दिल्ली में भी भारी बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में बाढ़
उत्तर प्रदेश के 13 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। यहां भारी बारिश के कारण हुए हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई। कई गांव बाढ़ के कारण जलमग्न हो गए। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ के हालातों की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
दिल्ली में भारी बारिश
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में बारिश देखने को मिली, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।
इन राज्यों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने आज गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी किया है। यहां कई क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में भी भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 26 जुलाई तक ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होगी।