Latest

बिहार चुनाव के पहले चरण का मतदान कल 6 नवंबर को, दांव पर दिग्गजों की साख, 18 जिले, 121 सीटें, 1314 प्रत्याशी

पटना(YASHBHARAT.COM)।बिहार चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। गुरूवार को 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग होगी। जिसमें कई दिग्गजों की साख दांव पर रहेगी। जिसमें तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, विजय सिन्हा, तेज प्रताप और खेसारी लाल यादव शामिल हैं।
बिहार में सख्त सुरक्षा इंतजाम के बीच पहले चरण के 121 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह 7 बजे से शाम छह बजे तक होगा। चुनाव आयोग ने मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी संबंधित जिलों में मतदानकर्मी ईवीएम एवं वीवीपैट के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं। पहले चरण में 121 विधानसभा क्षेत्रों के जिन बूथों पर बुधवार को मतदान होगा उनमें 45,324 सामान्य बूथ एवं 13 सहायक बूथ शामिल हैं।
पहले चरण में 3.75 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिला एवं 758 थर्ड जेंडर के मतदाता वोट डालेंगे। मतदान के साथ ही 1314 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। इनमें 122 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। पांच विधानसभा क्षेत्रों- सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर एवं जमालपुर की सभी बूथों पर तथा सूर्यगढ़ा के 56 बूथों पर शाम पांच बजे तक ही मतदान होगा। चुनाव आयोग ने इन्हें संवेदनशील बूथ माना है।

14 मंत्रियों समेत कई दिग्गजों के भाग्य का होगा फैसला

पहले चरण के चुनाव में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा बिहार के सरकार के 14 मंत्रियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। मंत्रियों में विजय कुमार चौधरी, मंगल पांडेय, रत्नेश सदा, संजय सरावगी, जिबेश मिश्रा, मदन सहनी, केदार प्रसाद गुप्ता, राजू कुमार सिंह, सुनील कुमार, कृष्ण कुमार मंटू, महेश्वर हजारी, डा. सुनील कुमार, श्रवण कुमार, नितिन नवीन शामिल हैं। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, रालोमो अध्यक्ष मदन चौधरी की सीटों पर भी वोट पड़ेंगे। पहले चरण में इंडिया गठबंधन की ओर से राजद 73, कांग्रेस 24, भाकपा माले ने 14 सीटों, भाकपा 5, माकपा 3, वीआईपी 5, आईआईपी 3 सीटों पर मैदान में हैं। एनडीए की ओर से जदयू 57, भाजपा 48, लोजपा (रा.) 14 और रालोमो ने 2 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। जनसुराज पार्टी इस चरण में 119 सीटों और एआईएमआईएम 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

सभी मतदान केंद्रों पर होगी लाइव वेबकास्टिंग

पहले चरण के चुनाव में चुनाव आयोग लाइव वेबकास्टिंग के जरिए सभी बूथों की निगरानी करेगा । इसका लाइव प्रसारण चुनाव आयोग द्वारा बनाए गए कंट्रोल रूम में होगा। पल-पल की मतदान प्रक्रिया पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय एवं चुनाव आयोग द्वारा सख्त नजर रखी जाएगी । पहले चरण के चुनाव में सबसे कम मतदाता वाला क्षेत्र बरबीघा एवं सर्वाधिक मतदाता वाला दीघा विधानसभा क्षेत्र है।

सभी मतदान केंद्रों पर सशस्त्र बल की तैनाती

बिहार विधानसभा के पहले चरण में सभी 45341 मतदान केंद्रों पर सशस्त्र बलों की तैनाती की गई चुनाव आयोग ने कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए है और मतदान को लेकर राज्य की नेपाल एवं अन्य राज्यों से लगी सभी सीमाएं सील कर दी गई है। असामाजिक तत्वों की तत्काल गिरफ्तारी होगी। सुरक्षा व्यवस्था में केंद्रीय सुरक्षा बल की 1500 से अधिक कंपनी के साथ ही करीब 4.5 लाख सुरक्षा बलों को लगाया गया है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर है।

मतदान केंद्र के बाहर तक जाएंगे निजी वाहन

मतदान को लेकर मतदाता निजी वाहन से मतदान केंद्र भवन तक जा सकेंगे। मतदान केंद्र के अंदर निजी वाहन नहीं जाएंगे। निजी वाहनों के परिचालन पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। राजनीतिक दलों के द्वारा बूथ के बाहर 100 मीटर की दूरी पर मतदाता पर्ची वितरण शिविर लगाया जा सकता है। पहले इसे 200 मीटर पर लगाया जाता था। हरेक मतदान केंद्र भवन में एक मतदाता हेल्पडेस्क बनाया गया है, जहां बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे।

इन जिलों में होगा मतदान
बिहार में कल 6 नवंबर को जिन जिलों में मतदान होगा उनमें मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर शामिल हैं।

पहले चरण के चुनाव के प्रमुख चेहरे

सम्राट चौधरी, भाजपा, तारापुर

विजय कुमार सिन्हा, भाजपा, लखीसराय

तेजस्वी प्रसाद यादव, राजद, राघोपुर

विजय कुमार चौधरी, जदयू, सरायरंजन

श्रवण कुमार, जदयू, नालंदा

मंगल पांडेय, भाजपा, सीवान

महेश्वर हजारी. जदयू, कल्याणपुर (सु.)

मदन सहनी, जदयू, बहादुरपुर

नितिन नवीन, भाजपा, बांकीपुर

अवध बिहारी चौधरी, राजद, सीवान

उमेश कुमार कुशवाहा, जदयू, महनार

तेजप्रताप यादव, जेजेडी, महुआ

मैथिली ठाकुर, भाजपा, अलीनगर

अनंत सिंह, जदयू, मोकामा

खेसारी लाल यादव, राजद, छपरा

किस दल की कितनी सीटें

एनडीए : 121

भाजपा : 48

जदयू : 57

लोजपा (आर) : 14

रालोमो : 02

महागठबंधन : 126

राजद : 73

कांग्रेस : 24

भाकपा माले : 14

वीआईपी : 05

भाकपा : 05

माकपा : 03

आइआइपी : 03

(कुछ सीटों पर दोस्ताना संघर्ष है। कुशेश्वरस्थान में वीआईपी का नामांकन रद्द हो चुका है।)

जनसुराज: 119

एनडीए के प्रमुख 5 वादे

1- एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार।

2- एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे।

3- किसान सम्मान निधि में अब मिलेंगे नौ हजार।

4- हर जिले में फैक्ट्री, हर घर में रोजगार।

5- गरीब परिवारों के छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा।

महागठबंधन के प्रमुख 5 वादे

1- हर परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी

2- दिसम्बर से महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए

3- जीविका कर्मी और जीविका सामुदायिक समन्वयकों की सेवा स्थायी

4- हर परिवार को 200 यूनिट फ्री बिजली की सुविधा

5- भवनहीन परिवारों को ग्रामीण क्षेत्र में पांच और शहर में तीन डिसमिल जमीन

 

Back to top button