katniLatest

VIDEO भारत की ऐतिहासिक जीत पर झूम उठा कटनी, होली की रंगपंचमी पर दिवाली सा नजारा, सुभाष चौक ही नहीं घर घर जश्न, देखें नजारे

कटनी। टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के विश्व चैंपियन बनते ही पूरे देश के साथ कटनी शहर भी जश्न में डूब गया। भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद शहर में ऐसा माहौल बना मानो होली की रंगपंचमी और दिवाली एक साथ मनाई जा रही हो। सड़कों पर जहां रंग-गुलाल उड़ता दिखाई दिया, वहीं आसमान आतिशबाजी की रोशनी से जगमगा उठा। देर रात तक शहर में जीत का जश्न जारी रहा।

IMG 20260308 WA0027 IMG 20260308 WA0026

भारतीय टीम की जीत की खुशियों का मुख्य केंद्र सुभाष चौक बना, जहां बड़ी स्क्रीन पर फाइनल मैच का सीधा प्रसारण किया गया था। मैच के अंतिम क्षणों में जैसे ही भारत की जीत तय हुई, वैसे ही वहां मौजूद हजारों क्रिकेट प्रेमी खुशी से झूम उठे। युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर बधाई दी। पूरा सुभाष चौक भारत माता के जयकारों और तिरंगे के साथ गूंज उठा।

हालांकि जश्न केवल सुभाष चौक तक सीमित नहीं रहा। शहर के लगभग हर घर में लोगों ने टीवी पर मैच देखते हुए भारत की जीत का जश्न मनाया। जैसे ही टीम इंडिया ने विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, वैसे ही लोगों ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की।

कटनी के उपनगरीय क्षेत्रों और कॉलोनियों में भी देर रात तक आतिशबाजी का सिलसिला चलता रहा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल आए और एक-दूसरे को जीत की बधाई देते नजर आए। कई स्थानों पर युवाओं ने जुलूस निकालकर भारतीय टीम के समर्थन में नारे लगाए और देशभक्ति के गीतों पर नृत्य किया।

भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का दौर शुरू हो गया। शहर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि भारतीय टीम की यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। टीम इंडिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए देशवासियों को गर्व से भर दिया है। कटनी में लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण था कि क्रिकेट केवल एक खेल नहीं बल्कि देशवासियों की भावनाओं से जुड़ा उत्सव है।

Back to top button