वनवासी विकास परिषद ने मनाया रानी दुर्गावती बलिदान दिवस

वनवासी विकास परिषद ने मनाया रानी दुर्गावती बलिदान दिव
कटनी। वनवासी विकास परिषद, कटनी द्वारा परिषद कार्यालय में वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रानी दुर्गावती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष बाबू भाई सोंधिया, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संजय आनंद, जिला हित रक्षा प्रमुख नरेंद्र सिंह, जिला संगठन मंत्री कमल सिंह, जिला सह सचिव सुनील रावत, नगर सचिव ज्ञान सहजवानी, जनजाति मंच के निर्भय सिंह बरकड़े, सोनू सिंह एवं जिला महिला प्रमुख अनुराधा पेंद्रो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मैहर से पधारे सेवानिवृत्त राज्य शासन अधिकारी मंगल सिंह ने की।
वक्ताओं ने रानी दुर्गावती के जीवन और संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, सामाजिक समरसता तथा राज्य के विकास के लिए अनेक उल्लेखनीय कार्य किए। उनके नेतृत्व में गोंडवाना राज्य ने समृद्धि और सम्मान प्राप्त किया। रानी दुर्गावती ने मुगल साम्राज्य की अधीनता स्वीकार करने के बजाय स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष का मार्ग चुना।
वक्ताओं ने कहा कि मुगल सेना के साथ हुए युद्धों में रानी दुर्गावती ने अदम्य साहस का परिचय दिया और अंतिम समय तक मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहीं। पराधीनता स्वीकार करने की अपेक्षा उन्होंने वीरगति प्राप्त करना उचित समझा। उनका जीवन आज भी देशभक्ति, स्वाभिमान और नारी शक्ति का प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने रानी दुर्गावती के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया तथा उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर परिषद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके बलिदान को याद करते हुए समाज में राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत बनाने का आह्वान किया।








