Saturday, May 23, 2026
Latest:
Latestमध्यप्रदेशराष्ट्रीय

Vande Bharat Speed 20 कोच की वन्दे भारत का 160 किमी प्रति घंटा की रफ़्तार से सफल ट्रायल, देखें VIDEO

Vande Bharat Speed भारतीय रेलवे की सेमी हाई स्पीड वन्दे भारत ट्रेन का पश्चिम मध्य रेल पर एक बार पुनः सफल ट्रायल किया गया। अनुसंधान अभिकल्प मानक संगठन, लखनऊ टीम मंडल के परिचालन विभाग के सहयोग से पमरे कोटा मंडल में 20 कोच की वन्दे भारत रैक का ट्रायल 160 किमी/घंटा की गति से किया जा रहा है। पूर्व में कोटा मंडल में 18 कोच की वन्देभारत रैक का 180 किमी प्रति घंटा पर सफल ट्रायल किया गया था। इस रेक में 2 कोच बढ़ाने पर यह ट्रायल पुनः ब्रेकिंग सिस्टम बिहेवियर के विभिन्न तकनीकी मानकों के विश्लेषण के लिए किया जा रहा है।

 

30 जुलाई को इस रैक का ट्रायल लाखेरी-कोटा खण्ड के अप लाइन पर गुडला से लाखेरी के मध्य तीन बार 160 किमी/घंटा की गति से किया गया। लाखेरी स्टेशन से गुड़ला स्टेशन तक अप लाइन पर 160 किमी प्रति घंटा अधिकतम गति पर कपलर फोर्स मापा गया जिसके लिए कपलर एवं पहियों में लगे कई सेंसर से डेटा एकत्र किया गया। यह परीक्षण विशेष रूप से 160 किमी प्रति घंटा से अधिक गति पर इस रेक के दो कोचों को जोड़ने वाले कपलर पर लगने वाले बल के विश्लेषण के लिए किया गया। जिसमें सभी कोचों में यात्रियों के वजन के बराबर भार रखा गया है। इस रैक का ट्रायल आरडीएसओ के संयुक्त निर्देशक (परीक्षण) एस के यादव के निर्देशन में किया जा रहा है इस ट्रायल में कोटा के रेलवे कर्मचारियों ने लखनऊ टीम के साथ को-आर्डिनेट किया।
इस वन्दे भारत रैक का 31 जुलाई को पुनः परीक्षण अप दिशा में लाखेरी-कोटा के बीच आपातकालीन ब्रेकिंग सिस्टम के डेटा विश्लेषण के लिए किया जाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम