UP निकाय चुनाव : शुरुआती रुझानों में मेयर की 16 में से 14 सीटों पर भाजपा आगे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनावों के लिए मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में मेयर की 16 में से 14 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं वहीं एक पर सपा और एक सीट पर बसपा ने बढ़त बना रखी है। इस मतगणना में 75 जिलों में मतगणना शुरू हो गई है। इन जिलों के 334 केंद्रों पर काउंटिंग की जा रही है। इस चुनाव में 79, 113 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है।

तैयारी पूरी, सुरक्षा के इंतजाम

राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश के 334 स्थानों पर एक साथ मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। परिणाम जल्दी आएं इसलिए 11,200 टेबल लगाई गई हैं। वोटों की गिनती के लिए 56 हजार कर्मी लगाए गए हैं।

नगर निगमों में ईवीएम से चुनाव हुए हैं इसलिए इनके परिणाम दोपहर 12 बजे तक आने की उम्मीद है। छोटी नगर पंचायतों के परिणाम सुबह 10 बजे से ही आने शुरू हो जाएंगे। शाम चार से पांच बजे तक सभी निकायों के परिणाम घोषित हो जाएंगे

7 घंटे में पूरी हो जाएगी मतगणना

मतगणना 7 घंटे में पूरी करने की तैयारी है। मेयर व अध्यक्ष पद के लिए 6 हजार मतगणना टेबल लगाई गईं हैं। पार्षद व सदस्य पद के लिए 5,200 टेबल लगाई गईं हैं। अपर निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने बताया कि नगर निगम के परिणाम 12 बजे से 1 बजे के बीच आ जाएंगे। बाकी परिणाम भी शाम 4 बजे तक आ जाएंगे। पहले मेयर फिर सभासद की काउंटिंग

मतगणना के दौरान किसी भी अव्यवस्था से निपटने के लिए तमाम तैयारी कर ली गई है। इसके तहत प्र​शिक्षित कर्मचारियों की ड्यूटी का अंतिम रैंडमाइजेशन मतगणना से तीन घंटे पहले होगा। इसी के बाद कर्मी जान सकें कि उनकी ​ड्यूटी किस वार्ड की टेबल पर है। मतगणना के लिए मेयर और पार्षद की ईवीएम एक साथ ही खोली जाएंगीं। मतों की गणना पहले मेयर की ईवीएम की होगी। इसी तरह नगर पंचायतों में भी पहले चेयरमैन और उसके बाद वार्ड सभासद के बैलेट पेपर की गणना होगी।

इसे भी पढ़ें-  दमोह में दिल दहला देने वाली वारदात: माँ ने तीन मासूमों संग कुएं में लगाई छलांग, 2 बच्चों और महिला की मौत; 5 साल की बेटी बची

जांच के बाद ही प्रवेश

मतगणना के लिए केंद्रों पर पहुंचने वाले प्रत्याशियों को भी उनका परिचय पत्र देखने के बाद ही प्रवेश दिया गया।