Site icon Yashbharat.com

Ujjain News: शिप्रा नदी में धमाकों का राज बरकरार, ONGC के दल का इंतजार

09 03 2021 shipra ujjain

Ujjain News: उज्जैन । मध्य प्रदेश के उज्जैन में शिप्रा नदी के त्रिवेणी घाट क्षेत्र में बीते कुछ दिन से हो रहे धमाकों का राज बरकरार है। जांच के लिए सोमवार को आया भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआइ) का दल पानी और मिट्टी के सैंपल ले गया है। रिपोर्ट एक-दो दिन में आने की उम्मीद है। सोमवार रात को आसपास के क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों ने फिर से धमाके की आवाज सुनने का दावा किया। अब तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के दल के आने का इंतजार है।

ये धमाके शिप्रा के त्रिवेणी घाट क्षेत्र में करीब 50 मीटर के दायरे में ही हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सबसे पहले 28 फरवरी को धमाके की आवाज सुनी थी। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर कर्मचारी को तैनात किया था। पांच मार्च की शाम को एक बार धमाके हुए।

इसका वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद कलेक्टर आशीष सिंह ने जीएसआइ और ओएनजीसी को बुलाने के साथ एहतियातन घाट पर श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। सोमवार सुबह जीएसआइ के दल ने नदी से पानी, गाद और मिट्टी के नमूने लिए थे। दल में शामिल वरिष्ठ विज्ञानी अरुण कुमार ने बताया था कि जो वीडियो सामने आया हैै, वैसा मौके पर कुछ भी देखने को नहीं मिला है। फिलहाल घबराने जैसी कोई बात नहीं है।

त्रिवेणी क्षेत्र के आसपास रहने वाले ग्रामीणों ने सोमवार को फिर धमाके की आवाज सुनने का दावा किया और मौके पर तैनात कर्मचारी पीरूलाल को इसकी सूचना दी। पीरूलाल ने ‘नईदुनिया” को बताया कि कुछ ग्रामीणों ने धमाके की आवाज सुनने की बात कही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि जीएसआइ की टीम की जांच के बाद एक-दो दिन में ओएनजीसी के दल के भी उज्जैन आने की संभावना है। यह दल शिप्रा में भूमिगत प्राकृतिक गैस अथवा ईंधन होने का पता लगाएगा। जीएसआइ और ओएनजीसी की समग्र रिपोर्ट के आधार पर ही कुछ कहा जा सकता है।

Exit mobile version